Holi 2019: विदेश में इन जगहों पर देखने को मिलती है होली की मस्ती
भारत से बाहर भी होली खेलने वालों की कमी नहीं। इनकी रौनक ऐसी होती है जिसे देखकर ऐसा बिल्कुल भी नहीं लगता कि आप अपने देश में नहीं। जानते हैं ऐसी ही कुछ जगहों के बारे में।
होली की जो मस्ती इंडिया में देखने को मिलती है वैसी कहीं नहीं और शायद यही वजह है कि बाहर से भी सैलानी इसका हिस्सा बनने आते हैं। लेकिन इसकी रौनक देखते हुए साथ ही बाहर रह रहे भारतवासियों की वजह से होली का त्यौहार सिर्फ भारत का नहीं रह गया। दुबई, लंदन और स्पेन जैसी कई जगहों पर इसकी मौज-मस्ती देखने को मिलती है।
नेपाल
होली भारत का ही नहीं नेपाल के भी खास त्यौहारों में से एक है। जिसकी रौनक यहां भारत जैसी ही होती है। काठमांडू के थामेल स्ट्रीट और दरबार स्क्वेयर पर होली की सबसे ज्यादा रौनक देखने को मिलती है। बच्चों से लेकर बड़े-बूढ़ों तक में होली का उत्साह देखने को मिलता है।
पाकिस्तान
भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी होली का सेलिब्रेशन होता है। वहां रहने वाले हिंदूओं ने आज भी अपने अपने इस त्यौहार की रौनक को बरकरार रखा है। और ऐसा बिल्कुल भी नहीं कि यहां होली सिर्फ हिंदू समुदाय ही आपस में खेलते हैं। क्या धर्म क्या जाति, होली के रंगों में सब हो जाते हैं एक।
यूनाइटेड किंगडम
इंग्लैंड में रहने वाले भारतीयों की वजह से वहां भी होली का हुडदंग देखा जा सकता है। लंदन से लेकर बर्मिंघम, मैनचेस्टर और भी दूसरे शहरों में होली के रंगों से सने, लाउड म्यूज़िक पर नाचते लोग देखने को मिल जाएंगे।
दुबई
होली मनाने में दुबई भी पीछे नहीं। यहां भी इस फेस्टिवल को बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। वंडरलैड पार्क हो या Al Garhoud होली खेलने वालों की भारी भीड़ यहां इकट्ठा होती है। बाहर से आए हुए सैलानी भी इसमें हिस्सा लेकर जमकर मस्ती करते हैं।
अमेरिका
होली खेलने वालों की भीड़ अमेरिका में भी देखने को मिलती है। यहां होली के लिए सफेद कपड़ों में दौड़ प्रतियोगिता होती है, जिसे कलर ऑफ रन के नाम से जाना जाता है। दौड़ते हुए एक-दूसरों पर रंग-गुलाल लगाया जाता है। उटाह शहर में इस अवसर पर बडा आयोजन होता है जिसमें हर एक उम्र के लोग आकर मस्ती कर सकते हैं।
स्पेन
गुलाल, पानी से नहाएं झूमते-नाचते लोगों का हुजूम स्पेन में भी देखा जा सकता है। यहां होने वाली होली पार्टीज़ में बहुत ही शानदार होती है। स्पेन के लोग बहुत फ्रेंडली होते हैं इसलिए यहां होली की मस्ती में अंजान लोग भी उतना ही एन्जॉय करते हैं।