Himachal Pradesh Travel: 2 से 3 दिन की छुट्टियां बिताने के लिए मुफीद है दिल्ली के नजदीक ये जगह
Himachal Pradesh Travel दिल्ली के आसपास उत्तराखंड और हिमाचल ही दो ऐसे ऑप्शन हैं जहां आप दो से तीन की छुट्टियां एंजॉय कर सकते हैं। तो आज हम जानने वाले हैं हिमाचल के एक बेहद खूबसूरत जगह पालमपुर के बारे में..
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क, Himachal Pradesh Travel: हिमाचल प्रदेश का पालमपुर बहुत ही शांत और खूबसूरत जगह है जहां आप अपनी दो से तीन दिन की छुट्टियां आराम से एंजॉय कर सकते हैं। ये जगह नेचर लवर्स को बहुत ही आकर्षित करती है। पालमपुर को "उत्तरी भारत की चाय की राजधानी" भी कहा जाता है। नदी का साफ-सुथरा पानी, दूर-दूर तक घने हरे-भरे जंगल, मठ और प्राचीन मंदिर यहां की खूबसूरती को दोगुना करते हैं।
चामुंडा देवी मंदिर
पालमपुर आएं तो इस मंदिर के दर्शन जरूर करें। ये यहां का सबसे प्राचीन मंदिर है। चामुंडा देवी 51 शक्ति पीठों के अंतर्गत आता है। ऐसा माना जाता है कि यह मंदिर 700 साल पुराना है और घने जंगलों में पहाड़ियों के बीच बसा हुआ है। पालमपुर आने वाले टूरिस्ट इस जगह के दर्शन करने जरूर आते हैं। गर्मियों में सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 1 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहता है, जबकि सर्दियों के दिनों में कपाट सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक खुलता है।
बुंदला टी एस्टेट
चाय के बागान सिर्फ दक्षिण भारत में ही नहीं बल्कि उत्तर भारत में भी है। पालमपुर में बहुत सारे चाय बागान हैं, लेकिन बुन्दला टी एस्टेट यहां का मशहूर टी एस्टेट है। चाय की पत्तियों की खुशबू मदहोश कर देती है और यहां आप फोटोग्राफी का लुत्फ भी उठा सकते हैं।
शेराब्लिंग मोनेस्ट्री
कांगड़ा घाटी में स्थित शेराब्लिंग बहुत ही मशहूर बौद्ध मठ है। गहरे देवदार के जंगलों के रास्ते इस मठ तक पहुंचते हैं। मेडिटेशन के साथ ही शेराब्लिंग मठ आकर यहां के कैंटीन में चाय, नूडल्स और थुकपा का स्वाद लेना न भूलें।
पालमपुर घूमने के लिए आपको बहुत ज्यादा पैसे भी नहीं खर्च करने पड़ेंगे। तो सोचना क्या इस बार यहीं बिताएं अपना वीकेंड और बना दें उसे यादगार।
Pic credit- pexels