Kumaoni Cuisines: कुमाऊं आएं तो इन पारंपरिक जायकों को चखना बिल्कुल न करें मिस
Garhwal Kumaoni Dishes पहाड़ी जायके की बात करें तो यहां के खाने में सादगी के साथ अनूठे स्वाद का बहुत सुंदर समन्वय देखने को मिलता है। तो यहां जब भी घूमने का मौका मिले यहां के इन पारंपरिक जायकों को चखना न भूलें।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल। Garhwal Kumaoni Cuisines: गढ़वाल के लोग अपनी-अपनी परंपराओं को लेकर अलग पहचान रखते हैं। यहां का पहनावा, त्योहार मनाने की तरीका, जिंदगी जीने का ढंग सब में कुछ न कुछ विशेषता जरूर रहती है। यही नहीं, यहां के लोग तरह-तरह के व्यंजन खाने के शौकीन तो होते ही हैं, आवभगत में भी कोई कसर नहीं छोड़ते। अगर आप कभी गढ़वाल-कुमाऊं की तरफ जाएं, तो यहां के पारंपरिक व्यजनों का स्वाद लेना न भूलें।
1. कुमाऊंनी रायता
कुमाऊंनी रायते का लजीज़ स्वाद खाने का जायका तो बढ़ाता ही है, साथ ही यह खाने में खट्टा व तीखा होता है। स्वादिष्ट होने के कारण कुमाऊंनी रायता गढ़वाल-कुमाऊं में समान रूप से पसंद किया जाता है। गढ़वाल में इसे रैलू कहते हैं। कुमाऊंनी रायता बनाने के लिए मिट्टी या लकड़ी के बर्तन में एक-दो दिन पहले सरसों का पाउडर मिलाकर दही जमाने के लिए रखा जाता है। फिर इसमें मूली या ककड़ी को कद्दूकस कर मिलाया जाता है। ऊपर से जखिया का छौंक लगाया जाता है। इस रायते को शादी जैसे समारोह में खासतौर पर परोसा जाता है।
2. भांग की चटनी
कुमाऊं में भांग की चटनी बनाने के लिए सूखे भांग के बीजों को हल्की आंच पर हल्का भूरा होने तक गर्म किया जाता है। इससे उसका कच्चापन दूर हो जाता है। इसके बाद सिलबट्टे पर भांग के बीज, हरी मिर्च, हरा धनिया, पुदीना, नींबू और नमक को एक साथ बारीक पीस लिया जाता है।
3. आलू के गुटके
पहाड़ के आलू के गुटके जैसा स्वाद आपको कहीं और नहीं मिल सकता। इसे बनाने के लिए आलू को उबालकर उसके बड़े टुकड़े किए जाते हैं। फिर सरसों के तेल में साबुत लाल मिर्च का छौंक लगाया जाता है। थोड़े से पानी में हल्दी, धनिया, लाल मिर्च पाउडर और नमक को एकसाथ घोलते हैं। इसे तेल में डालते हैं और साथ ही उबले कटे आलू भी। ऊपर से हरा धनिया डालकर थोड़ा भूनते हैं। बस मिनटों में तैयार हो जाती है यह डिश।
Pic credit- whiskaffair/Pinterest