आजादी के मतवालों के बारे में और ज्यादा जानना चाहते हैं आप, तो ये 3 ऐप करेंगे मदद
आज बहुत सारे ऐसे ऐप्स मौजूद हैं जिनके द्वारा हम फ्रीडम फाइटर्स के जीवन के बारे में विस्तार से जान सकते हैं। जानते हैं कुछ ऐसे ही ऐप्स के बारे में
दोस्तों, स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीरों की याद दिलाती है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने जीवन की कुर्बानी दी थी। यह दिन उन्हें नमन करने का है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारे फ्रीडम फाइटर्स का बचपन कैसा था, उन्होंने किस तरह से देश को आजाद कराया? आज बहुत सारे ऐसे ऐप्स मौजूद हैं, जो हमें फ्रीडम फाइटर्स की जीवनी के बारे में विस्तार से बताते हैं। जानते हैं कुछ ऐसे ही ऐप्स के बारे में..
भगत सिंह बायोग्राफी एंड कोट्स
देश के वीर सपूत भगत सिंह के बारे में तो सुना ही होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनका बचपन कैसा था, उन्होंने किस तरह से स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान दिया? भगत सिंह की पूरी जीवनी को पढ़ने के लिए इस एप को डाउनलोड कर सकते हैं। इसमें भगतसिंह की जीवनी, उनके बचपन दिन, उनकी शिक्षा, असेंबली में बम धमाका, जेल के दिन, फांसी और उनके व्यक्तित्व से जुड़ी बहुत सारी चीजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। अगर भगत सिंह की जिंदगी से जुड़ी विभिन्न पहलुओं के बारे जानना है, तो यह एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। यहां पर उनसे जुड़े बहुत सारे प्रेरक कोट्स भी मिलेंगे। अच्छी बात यह है कि इस ऐप का इस्तेमाल ऑफलाइन भी किया जा सकता है। इसे गूगल प्ले स्टोर से फ्री में डाउनलोड कर सकते हैं।
देशभक्त- नेशनल हीरोज
यह देश के नेशनल हीरोज यानी फ्रीडम फाइटर्स से जुड़ा ऐप है। इसकी खासियत है कि यहां पर एक ही जगह देश की आजादी के लिए लड़ने वाले बहुत से वीरों की संघर्ष की कहानी पढ़ने को मिल जाएगी। अच्छी बात यह है कि इसमें सभी देशभक्त से जुड़ी जानकारी हिंदी में दी गई है। यहां पर सरदार भगत सिंह, राजगुरु, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, वीर सावरकर, गणेश शंकर विद्यार्थी, बेगम हजरत महल, खुदीराम बोस, राम प्रसाद बिस्मिल आदि की जिंदगी से जुड़ी विभिन्न पहुलओं से रूबरू हो सकते हैं। इस एप में 35 से अधिक नेशनल हीरोज की जीवनी के बारे में जानकारी दी गई है। इसका यूजर इंटरफेस भी काफी आसान है। इस एप को एक बार डाउनलोड करने के बाद फिर बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। यह एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।
इंडियन फ्रीडम फाइटर्स बायोग्राफी
देश को आजाद कराने वाले फ्रीडम फाइटर्स की जीवनी पढ़ने के लिए यह उपयोगी ऐप है। इसमें सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, बाल गंगाधर तिलक, लालबहादुर शास्त्री, सरदार वल्लभ भाई पटेल आदि की बायोग्राफी को पढ़ा जा सकता है। अच्छी बात यह है कि यह ऐप हिंदी में है। इसे फ्री में गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।