Happy Father’s Day 2020: जानें, कैसे मनाएं फादर्स डे और इस दिन का विशेष महत्व
Happy Father’s Day 2020 जहां माता बच्चे को लाड़-प्यार करती है तो पिता बच्चे को अनुशासन में रहना सिखाते हैं उन्हें जीवन का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Happy Father’s Day 2020: हर साल जून महीने के तीसरे रविवार को फादर्स डे मनाया जाता है। इस साल 21 जून को फादर्स डे है। हालांकि, विभिन्न देशों में यह अलग-अलग दिन मनाया जाता है। इसे मनाने का मुख्य उद्देश्य पिता के प्यार, समर्पण और कर्तव्य निर्वहन के प्रति आभार, आदर, प्रेम और सहानभूति प्रकट करना है। इस दिन लोग अपने पिता को गिफ्ट देकर, उनके साथ कीमती वक्त बिताकर फादर्स डे मनाते हैं। आइए, इस दिन की महत्ता को जानते हैं-
फादर्स डे महत्व
माता-पिता एक दूसरे के पूरक होते हैं। जिस तरह मां अपने बच्चे की देखभाल निःस्वार्थ भाव से करती हैं। उसी प्रकार पिता पूरे परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेवारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हैं। माता-पिता के प्यार में कभी कोई कमी नहीं आती है। पिता परिवार के आधार स्तंभ होते हैं, जो अपने बच्चे के लिए गुरु और दोस्त दोनों होते हैं।
जहां माता बच्चे को लाड़-प्यार करती है, तो पिता बच्चे को अनुशासन में रहना सिखाते हैं, उन्हें जीवन का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्हें जीवन के मूल्यों से अवगत कराते हैं। पिता छाया रूप में बच्चे से प्रेम करते हैं, जो दिखाई नहीं देता है, बल्कि अहसास होता है।
पिता की महत्ता को केवल शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। वह पालनहार है, जो बच्चे के सपने पूरे करने के लिए जीवन भर संघर्ष करते हैं। इन्हीं भावनाओं की कद्र करते हुए विश्व समुदाय द्वारा जून महीने के तीसरे रविवार को फादर्स डे मनाया जाता है।
कैसे मनाएं फादर्स डे
कोरोना वायरस महामारी के चलते इस साल लोग अपने घरों में ही फादर्स-डे मनाएंगे। इस दिन आप अपने पिता को उनकी पसंद के गिफ्ट दे सकते हैं और परिवार के साथ मिलकर पिता के सम्मान में केक काट सकते हैं। आप अपने पिता को ग्रीटिंग दे सकते हैं, जिसमें पिता को उनके संघर्ष और समर्पण के लिए धन्यवाद कह सकते हैं। आप अपने पिता के पसंद की कोई डिश इस दिन को स्पेशल बना सकते हैं।