ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए इतने दिनों तक रोजाना पिएं त्रिफला वाला दूध
त्रिफला एक आयुर्वेदिक औषधि है जो तीन फलों से मिलकर बनाया जाता है। इनमें आंवला बहेड़ा और हरड़ शामिल हैं। इसे 123 के अनुपात में मिलाकर बनाया जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट एंटी इंफ्लामेट्री और एंटी बैक्टीरियल के गुण पाए जाते हैं जो मधुमेह और मोटापे में फायदेमंद होते हैं।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। डायबिटीज एक लाइलाज बीमारी है जो एक बार हो जाए, तो ताउम्र साथ रहती है। इस बीमारी में अग्नाशय से इंसुलिन हार्मोन निकलना पूरी तरह से बंद हो जाता है। साथ ही रक्त में शर्करा स्तर बढ़ जाता है। डायबिटीज में सबसे बड़ा टास्क ब्लड शुगर को कंट्रोल करना होता है। इस बीमारी में मीठी चीजों को खाने की मनाही होती है। इनके सेवन से शर्करा स्तर बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है। अगर आप भी डायबिटीज के मरीज हैं और ब्लड शुगर को कंट्रोल करना चाहते हैं, तो त्रिफला चूर्ण का सेवन कर सकते हैं। कई शोध में यह खुलासा हुआ है कि त्रिफला चूर्ण ब्लड शुगर को कंट्रोल करने से कारगर साबित होता है। आइए जानते हैं-
त्रिफला क्या है
त्रिफला एक आयुर्वेदिक औषधि है, जो तीन फलों से मिलकर बनाया जाता है। इनमें आंवला, बहेड़ा और हरड़ शामिल हैं। इसे 1:2:3 के अनुपात में मिलाकर बनाया जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटी इंफ्लामेट्री और एंटी बैक्टीरियल के गुण पाए जाते हैं, जो हृदयरोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और मोटापे में फायदेमंद होते हैं। खासकर डायबिटीज और मोटापा के लिए त्रिफला चूर्ण रामबाण औषधि है।
alzdiscovery.org पर छपी एक शोध में त्रिफला को डायबिटीज के लिए दवा बताया गया है। इस शोध में त्रिफला सेवन के तरीके भी बताए गए हैं। इस शोध में 60 लोगों को शामिल किया गया, जिन्हें 45 दिनों तक रोजाना रात में खाना खाने के दो घंटे बाद 5 ग्राम त्रिफला चूर्ण छाछ में मिलाकर पीने की सलाह दी गई। इसके परिणाम बेहद संतोषजनक रहा। इस शोध से पता चला कि त्रिफला ब्लड शुगर कंट्रोल करने में कारगर है।
कैसे करें सेवन
रोजाना रात में सोते वक्त एक गिलास गुनगुने गर्म दूध में एक चम्मच त्रिफला चूर्ण मिलाकर सेवन करेंइसके सेवन से आपको जल्द आराम दिखेगा। साथ ही रात में सोते समय भी इसका सेवन कर सकते हैं। दूध और त्रिफला के सेवन से पेट संबंधी सारे विकार दूर हो जाते हैं।
मोटापा में फायदेमंद
अगर आप अपने वजन को कम अथवा नियंत्रित करना चाहते हैं, तो त्रिफला और शहद का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए त्रिफला को पानी में काढ़े की तरह गर्म कर लें। अब इसमें एक चम्मच अथवा स्वादानुसार शहद मिलाकर सेवन करें। रोजाना सुबह में खाली पेट इसका सेवन करना बेहद लाभकारी होता है। इससे शरीर का फैट बर्न होता है, जिससे बढ़ते वजन में आराम मिलता है।
डिस्क्लेमर: स्टोरी के टिप्स और सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन्हें किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर नहीं लें। बीमारी या संक्रमण के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।