ऐसे पढ़ें फूड प्रोडक्ट्स का न्यूट्रिशन लेबल और जानें उनकी कितना मात्रा लेना है सेहत के लिए सही
ज्यादातर डिब्बाबंद फूड प्रोडक्ट्स पर दिए गए न्यूट्रिशन लेबल पढ़कर यह पता चल जाता है कि प्रति सर्विग कितनी कैलरी मिलेगी? लेकिन बावजूद इसके बॉक्स में छपे लेबल लो फैट लो शुगर कैलरी फ्री आदि का सही मतलब क्या है।
महिला हो या पुरुष आज हर कोई अपने वजन, फिगर और सेहत को लेकर सजग हो रहा है। इसलिए वो न सिर्फ बैलेंट डाइट और एक्सरसाइज कर रहे हैं बल्कि जो भी फूड चुनते हैं उसके लेबल पर दिए गए कैलरी चार्ट को भी जरूर पढते हैं। वैसे तो ज्यादातर डिब्बाबंद फूड प्रोडक्ट्स पर दिए गए न्यूट्रिशन लेबल पढ़कर यह पता चल जाता है कि प्रति सर्विग कितनी कैलरी मिलेगी? लेकिन बावजूद इसके बॉक्स में छपे लेबल लो फैट, लो शुगर, कैलरी फ्री आदि का सही मतलब क्या है अकसर समझ से परे होता है। तो आइए यहां दिए गए न्यूट्रिशन लेबल को पढें और जानें कि आप जो फूड सेहत के लिहाज से चुनती हैं, उसमें कितने पोषक तत्व और कितनी कैलरी सही मायने में आपको मिलती है।
सर्विग साइज: लेबल के सबसे ऊपर आपको सर्विग साइज और प्रति कंटेनर सर्विग नंबर नजर आएगा। सर्विग साइज प्रति फूड लेबल अलग-अलग हो सकता है। अगर आप लेबल पर लिखी हुई सर्विग को दो बार लेती हैं तो इसका मतलब है कि आपको उस पर दिए गए सभी न्यूट्रिशनल फैक्ट्स सेक्शन के नंबरों को दो बार जोडना होगा।
कैलरीज और वसा से कैलरीज: कैलरीज का मतलब है कि फूड की एक सर्विग खाने से आपको कितनी एनर्जी मिलेगी। अगर आप वजन बढाना, घटाना या बरकरार रखना चाहती हैं तो इससे आप यह जान सकती हैं कि आपको कितनी कैलरी मिल रही है। मसलन मैकरोनी और चीज की एक सर्विग से आपको 250 कैलरीज और वसा से 110 कैलरीज मिल रही है तो इसकी दो सर्विग लेने से आपको 500 कैलरीज और 220 कैलरीज वसा से प्राप्त होगी।
कैलरी फ्री : 5 कैलरीज से कम।
शुगर फ्री : 1/2 या 0.5 ग्राम से कम शक्कर।
नो फैट या फैट फ्री : 1/2 या 0.5 ग्राम से कम फैट।
लोअर फैट : सामान्य की तुलना में 25 प्रतिशत कम फैट।
लो फैट : 3 ग्राम या उससे कम फैट।
लो इन सैचुरेटेड फैट : 1 ग्राम या उससे कम सैचुरेटेड फैट। सैचुरेटेड फैट से 15 से अधिक कैलरी नहीं मिलेगी।
लाइट : सामान्य की तुलना में एक तिहाई कम कैलरी और आधा फैट।
लो कैलरी : सामान्य का एक तिहाई कैलरी।
लो शुगर : सामान्य से कम से कम 25 प्रतिशत कम शक्कर।
कोलेस्ट्रॉल फ्री : 2 मिलीग्राम से कम कोलेस्ट्रॉल और 2 या उससे कम सैचुरेटेड फैट।
लो कोलेस्ट्रॉल : 20 मिलीग्राम या उससे कम कोलेस्ट्रॉल और 2 ग्राम या उससे कम सैचुरेटेड फैट।
रेड्यूस्ड कोलेस्ट्रॉल : सामान्य से कम से कम 25 प्रतिशत कम कोलेस्ट्रॉल और 2 ग्राम या उससे कम सैचुरेटेड फैट।
कोई प्रिजर्वेटिव नहीं : कोई रासायनिक या प्राकृतिक प्रिजर्वेटिव नहीं।
सोडियम फ्री या नो सोडियम : 5 मिलीग्राम से कम। सोडियम या सामग्री में सोडियम क्लोराइड नहीं है।
वेरी लो सोडियम : 35 मिलीग्राम या उससे कम सोडियम।
लो सोडियम : 40 ग्राम से कम सोडियम।
नमक रहित : 5 मिलीग्राम से कम सोडियम।
हाइ फाइबर : 5 ग्राम या उससे ज्यादा फाइबर।
फाइबर का अच्छा स्त्रोत : 2.5 ग्राम से लेकर 4.9 ग्राम फाइबर।
ज्यादा एडेड फाइबर : सामान्य की तुलना में कम से कम 2.5 ग्राम ज्यादा फाइबर।
माप कैसे देखें :
1 टी स्पून = 5 मिली
1 टेबल स्पून = 15 मिली
1 कप = 240 मिली
1 फ्यूइड आउंस = 30 मिली
1 आउंस = 28 ग्राम
Pic credit- https://www.freepik.com/premium-photo/side-view-woman-with-mask-grocery-shopping_9485225.htm#page=1&query=grocery+shopping&position=0