Homemade Mask:अगर होममेड मास्क का कर रहे हैं यूज तो इन चीज़ों का जरूर रखें ख्याल
Homemade Maskजब भी आप घर पर मास्क बनाएं तो 100% शुद्ध कॉटन कपड़े के ही बनाएं। यह सुनिश्चित कर लें कि कपड़े साफ़ हों।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Homemade Mask: कोरोना वायरस देश में बड़ी तेज़ी से फ़ैल रहा है। इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 4 हजार से अधिक हो चुकी है। जबकि एक सौ से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन है। इस बीच सरकार ने लोगों से अपील की है कि अगले दो महीने तक यह जंग चलने वाली है। इसके साथ ही होम मेड मास्क पहनने की भी सलाह दी गई है। ऐसे में हमें लगातार आवश्यक सावधानियां बरतने की जरूरत है। अगर आप भी घर पर मास्क बनाकर इस्तेमाल कर रहे हैं तो आपको इन चीज़ों का जरूर ख्याल रखना चाहिए-
-जब भी आप घर पर मास्क बनाएं तो 100% शुद्ध कॉटन कपड़े के ही बनाएं। यह सुनिश्चित कर लें कि कपड़े साफ़ हों। आप चाहें तो मास्क बनाने से पहले इसे एक बार अच्छी तरह धो लें। वहीं, अगर आप इस्तेमाल किए कपड़े का मास्क बना रहे हैं तो इसे गर्म पानी में नमक मिलाकर 5 मिनट तक अच्छी तरह उबाल लें। इसके बाद कपड़े को सूखा लें और फिर मास्क बनाएं।
-आपके मास्क से चेहरा, नाक और मुंह अच्छी तरह से ढंक जाएं। एक चीज़ का ध्यान रखें कि होममेड मास्क में कहीं कोई जगह न रह जाए।
-अपने मास्क को किसी से शेयर न करें। अपने परिवार के सदस्यों के साथ भी शेयर न करें।-एक चीज़ का ख्याल जरूर रखें कि मास्क पहनने के बाद भी नियमित अंतराल पर हाथ धोते रहें। जब आप अपने हाथ को धोएं तो कम से कम 20 सेकंड तक जरूर धोएं। अपने चेहरे, नाक और मुंह को छूने से बचें।
-अगर आप मास्क पहनते हैं तो भी कम से कम 2 मीटर की सोशल डिस्टेंसिंग जरूर रखें। यह आपको पूरी तरह से सुरक्षित नहीं रखता है। ऐसे में अगर संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आते हैं तो संक्रमित होने का खतरा अधिक रहता है।