Stop Touching Face: एक्सपर्ट्स के अनुसार, बार-बार चेहरा छूने से ऐसे रोकें अपने आप को!
Stop Touching Faceचेहरा न छूना किसी के लिए आसान नहीं है। न चाहते हुए भी हाथ बार-बार आपके चेहरे पर ही जाता है। विज्ञान में भी सिद्ध है कि चेहरा छूना एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Stop Touching Face: कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी एडवायज़री में सबसे बड़ी सलाह यही दी गई थी कि अपने चेहरे को बार-बार न छुएं, यहां तक कि बिल्कुल न छुएं। हालांकि, चेहरा न छूना हम सभी के लिए आसान नहीं है। न चाहते हुए भी आपका हाथ बार-बार आपके चेहरे पर ही जाता है। यहां तक कि विज्ञान में भी ये बात सिद्ध हो चुकी है कि चेहरे को छूना मनुष्यों में एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया है।
बच्चे जन्म से पहले भी मां के पेट में कई बार अपना चेहरा छूते हैं। अध्यनन में पता चला है कि हम हर मिनट कम से कम 1 से 3 बार अपना चेहरा छूते हैं। हम दिन में 16 घंटे जागते हैं, और इस दौरान अगर हम अपने चेहरे को छूने की संख्या को गिने, तो हज़ार से कम नहीं निकलेगा।
ऐसा क्यों है कि एडवायज़री जारी करने के बाद भी हम अपने चेहरे को छूने से अपने आपको नहीं रोक पाते। इस बारे में मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति को किसी खास को न करने के लिए कहा जाए, तो उसका दिमाग़ न चाहते हुए भी उसी चीज़ को करेगा। इसिलए ये वास्तव में एक आदत को तोड़ने का सबसे अप्रभावी तरीका है। एक इंसान को ऐसी आदत तोड़ना जो वह बचपन से कर रहा है, आसान नहीं है। इसलिए इसके लिए एडवायज़री से बढ़कर कुछ करना होगा।
आज हम आपको बता रहे हैं कि कोरोना वायरस के चलते कैसे आप चेहरे को छूने से अपने आपको रोक सकते हैं।
लगातार याद दिलाएं
अक्सर पहली बात जो मन में आती है जब हम किसी आदत को तोड़ने के बारे में सोचते हैं तो वह है बार-बार टोकना। ऐसे अगर आप बार-बार किसी को एहसास दिलाएंगे कि चेहरे को नहीं छूना है, तो ये ट्रिक काम कर सकती है। ऐसा शोध में पाया गया है कि अगर आप किसी व्यक्ति को बार-बार अपना चेहरा न छूने के लिए कहें तो उसकी ये आदत छूट सकती है। लेकिन साथ ही इसका उलट असर भी हो सकता है। जैसे वह इंसान बार-बार टोकने से चिड़ सकता है या आपकी बात सुनना बंद भी कर सकता है।
गिने कि आप दिन में कितनी बार चेहरा छूते हैं
किसी को टोकने से बेहतर है कि इंसान खुद ही गिने की दिन में कितनी बार अपना छू रहा है। कोई और आपकी इस आदत पर टोके, इससे बेहतर है कि खुद अपनी इस आदत पर काम करें। इसके लिए आप पेन-काग़ज़ का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
अपनी आदत को पहचानें
चेहरे को छूने की आदत के पीछे हर इंसान की वजह अलग होती है। इसे पहचाने कि आप कब अपना चेहरा छूते हैं। जैसे कुछ सोचते हुए, या लिखते हुए आदि। जब आपको समझ आ जाए तो अपने शरीर को ऐसा न करने के लिए ट्रेन करें।
अपने हाथों को व्यस्त रखें
आपके हाथ व्यस्त रहेंगे तो चेहरे तक नहीं जाएंगे। ये भी बस एक तरीका है। इसके लिए आप स्ट्रेस बॉल जैसी किसी चीज़ का इस्तेमाल कर सकते हैं।