Health Benefits of Cycling: बेस्ट एक्सरसाइज है साइकिलिंग, दिल की हिफ़ाज़त करने के साथ ही शुगर भी कंट्रोल करती है
Cycling Benefits For Health एक शोध के मुताबिक हर रोज सुबह कम से कम 30 मिनट तक साइकिल चलाने से दिल और दिमाग मजबूत होता है। इतना ही नहीं इससे दिमाग में नई कोशिकाओं का भी विकास होता है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। वज़न कंट्रोल करने के लिए साइकिलिंग को बेस्ट वर्कआउट माना जाता है। कोरोनाकाल में लंबे लॉकडाउन में लोगों की दिलचस्पी साइकिल चलाने में अधिक पैदा हुई है। लंबे समय तक जिम बंद रहने से लोगों ने साइकिल चलाकर खुद को फिट रखा है। साइकिल चलाना सेहत, दिल और दिमाग के लिए भी जरूरी है। एक शोध के मुताबिक 30 मिनट तक साइकिल चलाने से दिल और दिमाग मजबूत होता है। इतना ही नहीं साइकिल चलाने से दिमाग में नई कोशिकाओं का भी विकास होता है। हर रोज सुबह कम से कम 30 मिनट तक साइकिल चलाकर वज़न को कंट्रोल किया जा सकता है। साइकलिंग बेस्ट वर्कआउट है, आइए जानते हैं सेहत के लिए इसके कौन-कौन से फायदे हैं।
दिल की गति बढ़ाती है:
वजन कंट्रोल करने के लिए साइकिल चलाएं, इससे ना सिर्फ दिल की गति बढ़ेगी, बल्कि तेजी से फैट भी कम होगा। साइकिल चलाने से कैलरीज तेजी से बर्न होती है। साइकिल चलाने से शरीर के सभी हिस्सों में जमा फैट कम हो जाता है।
शुगर से बचने के लिए साइकिल चलाना जरूरी:
फिनलैंड में बड़े पैमाने पर किए गए एक शोध में पाया गया है कि जो लोग हर दिन 30 मिनट से अधिक साइकिल चलाते हैं उनको भविष्य में शुगर का 40 प्रतिशत कम खतरा रहता है।
साइकिलिंग से तेज़ी से कम होती है कैलोरी:
एक्सरसाइज के जरिए आप एक हफ्ते में कम से कम 2 हजार कैलोरी बर्न कर सकते हैं। आप जितना साइकिल चलाएंगे आपकी कैलोरी उतनी ज्यादा बर्न होगी।
साइकिल चलाने से हड्डियां होती हैं मज़बूत:
साइकिलिंग करने से आपके मसल्स की अच्छी एक्सरसाइज हो सकती है। यदि आपको ऑस्टियो-आर्थराइटिस है, तो साइकिल चलाना आपके लिए एक बहुत अच्छी एक्सरसाइज है। यह एक कम प्रभाव वाली एक्सरसाइज है जो जोड़ों पर थोड़ा तनाव डालती है।
डिप्रेशन का इलाज होता है:
लगातार साइकिल चलाने से अवसाद, तनाव और चिंता को कम किया जा सकता है। रिफ्रेशिंग दिन की शुरुआत करना चाहते है तो सुबह-सुबह साइकिल चलाएं।
दिन में कितनी साइकिल चलाएं?
अगर आप साइकिल चलाना शुरू कर रहे हैं तो शुरुआत में 30 मिनट से अधिक साइकिल नहीं चलाएं। साइकिल चलाने से आप लगभग 300 कैलोरी तक बर्न कर सकते हैं। उम्र के साथ मांसपेशियों का मजबूत होना जरूरी है, इसलिए विशेषज्ञ हर रोज़ 30 से 60 मिनट तक साइकिल चलाने का सुझाव देते हैं।
डिस्क्लेमर: स्टोरी के टिप्स और सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन्हें किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर नहीं लें। बीमारी या संक्रमण के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।