Date Fruit Benefits: जानें खजूर खाने के फायदे, क्या है इसका धार्मिक महत्व
Date Fruit Benefitsधार्मिक दृष्टि से खजूर का विशेष महत्व है क्योंकि इस्लाम में इसे पवित्र माना जाता है और रमजान के दिनों में लोग सहरी और इफ्तार के वक्त खजूर जरूर खाते हैं।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Date Fruit Benefits: धार्मिक दृष्टि से खजूर का विशेष महत्व है क्योंकि इस्लाम में इसे पवित्र माना जाता है और रमजान के दिनों में लोग सहरी और इफ्तार के वक्त खजूर जरूर खाते हैं। इस बारे में एक तथ्य यह है कि जब एक गरीब सहाबी ने हजरत साहब से इफ्तार के संदर्भ में पूछा कि अगर किसी के पास इफ्तार के लिए फल-फूल और पर्याप्त भोजन न हो तो वो व्यक्ति कैसे इफ्तार करें ?
गरीब सहाबी के सवाल पर हजरत साहब ने कहा कि खजूर या नमक से भी इफ्तार किया जा सकता है। अतः खजूर का इस्लाम में अति विशेष महत्व है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-ट्यूमर के साथ-साथ एंटीऑक्सिडेंट्स गुण पाए जाते हैं जो विभिन्न प्रकार के बीमारियों में फायदेमंद हैं। आइये खजूर खाने के फायदे जानते हैं।
खजूर क्या हैं?
खजूर एक मीठा फल है। जिसमें लगभग 60 से 70 प्रतिशत चीनी होती है। इसके साथ ही इसमें फाइबर की उच्च मात्रा होती है। जिसे एनर्जी बूस्टर कहा जाता है। वहीं, खजूर में आयरन की भी अधिकता होती है जो एनेमिया रोग में फायदेमंद होता है।
नाइट ब्लाइंडनेस को खत्म करता है
खजूर विटामिन-ए का प्रमुख स्त्रोत है और रतौंधी यानि कि नाइट ब्लाइंडनेस विटामिन-ए की कमी से होती है। ऐसे में अगर आप खजूर का सेवन करें तो इससे नाइट ब्लाइंडनेस की समस्या दूर हो जाएगी।
एनीमिया में फायदेमंद
खजूर में आयरन की अधिकता होती है। जिसके सेवन से शरीर में होने वाली आयरन की कमी दूर हो जाती है, और ख़ून की कमी से पीड़ित लोगों को बहुत आराम मिलता है।
हृदय को रखता है स्वस्थ
अगर आप अपने हृदय को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो खजूर का सेवन जरूर करें क्योंकि इसमें पोटैशियम प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जबकि सोडियम अल्प मात्रा में पाया जाता है। इसके सेवन से नर्वस सिस्टम और हृदय स्वस्थ रहता है।
एनर्जी बूस्ट करता है
जैसा कि पहले बताया गया है कि खजूर में लगभग 60 से 70 प्रतिशत चीनी होती है। जिसमें ग्लूकोज़, सूक्रोज़ व फ्रूक्टोज़ शर्करा होती है जो शीघ्र ही शरीर को ऊर्जा प्रदान करती है।
एलर्जी से रखता है सुरक्षित
खजूर में मौजूद ऑर्गैनिक सल्फ़र एलर्जिक रिऐक्शन्स और वायरल इंफेक्शन के खतरों को कम करता है। इसलिए रोजाना खजूर का सेवन जरूर करें।
हड्डियों के लिए है फायदेमंद
खजूर में सेलेनियम, कॉपर व मैग्नीशियम पाए जाते हैं जो हड्डियों के लिए फायदेमंद होता है। इसके सेवन से हड्डियां मजबूत होती है।