इन पांच घरेलू चीजों को सीधे चेहरे पर न लगाएं, जानें- इनके नुकसान
नींबू में विटामिन-सी की अधिकता होती है। इसमें सिट्रिक अम्ल पाया जाता है जिसे सीधे चेहरे पर लगाने से त्वचा में जलन हो सकती है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। लॉकडाउन के चलते लोग अपने घरों में समय बिता रहे हैं। इस दौरान लोग रोजाना नए नए प्रयोग कर रहे हैं। ये प्रयोग कभी खान-पान तो कभी खूबसूरती बढ़ाने के लिए किए जा रहे हैं। साथ ही लोग पेडीक्योर, मैनीक्योर और हेयर कटिंग भी कर रहे हैं। हालांकि, जब बात त्वचा यानि चेहरे की आती है तो आपको कुछ चीजों को चेहरे पर सीधे उपयोग करने से बचना चाहिए। अगर आपको इन चीजों के बारे में नहीं पता है तो आइए जानते है कि किन चीजों को भूलकर भी सीधे चेहरे पर नहीं लगाने चाहिए-
1. नींबू
इसमें विटामिन-सी की अधिकता होती है। इसमें सिट्रिक अम्ल पाया जाता है, जिसे सीधे चेहरे पर लगाने से त्वचा में जलन हो सकती है। आप इसे किसी अन्य चीजों में मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बावजूद चेहरे पर लगाने से पहले इसे अपने हाथों की त्वचा पर यूज करें। अगर कोई एलर्जी नहीं हो तो फिर इसे चेहरे पर लगाएं।
2. टूथपेस्ट
आमतौर पर लोग पिंपल्स को दूर करने के लिए टूथपेस्ट का यूज करते हैं। ऐसा हो सकता है कि यह मुहांसे को दूर करने में सहायक हो, लेकिन चेहरे पर सीधे तौर पर टूथपेस्ट लगाना हानिकारक भी हो सकता है। इससे आपके चेहरे पर चकत्ते (Rashes ) आ सकते हैं।
3. बेकिंग सोडा
अगर आप चेहरे पर बेकिंग सोडा का उपयोग करते हैं तो आपकी त्वचा में खुजलाहट पैदा हो सकती है। अगर आपकी त्वचा को किसी चीज से एलर्जी है तो आपको इसके सीधे इस्तेमाल से बचना चाहिए। यह क्षारीय होता है, जो त्वचा के लिए हानिकारक होता है।
4. सिरका
इसका इस्तेमाल खूबसूसरती बढ़ाने से लेकर फैट कम करने तक के लिए किया जाता है, लेकिन जब बात खूबसूरती बढ़ाने की आती है तो आपको सिरके को सीधे चेहरे पर इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। इससे आपकी त्वचा जल सकती है, अथवा जलन पैदा हो सकती है। इससे रंजकता (pigmentation ) का खतरा भी बढ़ जाता है।
5. नमक और चीनी
भले ही चीनी और नमक आकार में छोटे होते हैं, लेकिन इसके मुहाने में तेज धार होती है जो चेहरे की त्वचा के लिए खतरनाक होती है। इससे त्वचा में खरोंच पैदा हो सकती है। इसलिए चीनी अथवा नमक को ब्यूटी पैक में उपयोग न करें।
डिस्क्लेमर: स्टोरी के टिप्स और सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन्हें किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर नहीं लें। बीमारी या संक्रमण के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।