लॉकडाउन में दूल्हा-दुल्हन मास्क पहनकर कर रहे हैं शादी, खूब भा रहा है यह नया ट्रेंड
लॉकडाउन में शादी करने करने का नया तौर-तरीका जिसे लोगों ने किया खूब पसंद। दुल्हा और दुल्हन ने लिबास के साथ मैचिंग मास्क पहनकर सोशल डिस्टेंसिंग का किया पालन।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। कोरोना वायरस ने दुनिया में अजीब बदलाव लाया है। मौजूदा दौर में सोशल डिस्टैंसिंग जहां आदर्श बन गई है, वहीं मास्क पहनना अनिवार्य हो गया है। अब आप घर में रहें या बाहर, किसी की मौत पर दुख जताने जाएं या शादी पर, आपके लिए मास्क पहनना जरूरी है। हालांकि धीरे-धीरे हालात पटरी पर आने के आसार हैं। सरकार ने कुछ हद तक लॉकडाउन में रियायत देनी शुरू कर दी है। लॉकडाउन की वजह से कुछ लोगों की शादी टल गई थी, वो लोग अब कोरोना काल में अपनी शादी कर रहे हैं और वह भी पूरी तरह सोशल डिस्टैंसिंग का ध्यान रखते हुए।
हाल ही में एक जोड़े ने शादी के सात फैरे लिए, वो भी पूरी तरह सोशल डिस्टैंसिंग का ख्याल रखते हुए। लाल लहंगे में सजी-धजी दुल्हन जब सबके सामने आई तो उसने शादी के खूबसूरस लाल लिबास के साथ लाल रंग का मास्क भी पहन रखा था। ये डिजाइनर मास्क जहां दुल्हन की हिफाजत कर रहा था, वहीं वह दुल्हन की खूबसूरती में भी चार चांद लगा रहा था। इस जोड़े ने ये पूरी तरह सुनिश्चित किया हुआ था कि वो कोरोना से बचाव का पूरा ध्यान रखेंगे और शादी के सभी कार्यक्रमों में मुंह पर मास्क पहनेंगे।
लॉकडाउन में भवदीप कौर बेहद खूबसूरत दुल्हन के रूप में सामने आईं। मेहंदी समारोह के लिए भवदीप ने एक खूबसूरत पीले रंग का लहंगा पहना, जिस पर सुंदर फूलों की कढ़ाई की गई थी। उन्होंने मेहंदी के जोड़े के साथ मैचिंग एम्ब्रॉडरी मास्क और मैचिंग ज्वेलरी पहनी, जो उनके लुक में निखार ला रही थी। दुल्हन का ये महंदी लुक खूब वायरल हुआ।
दुल्हन ने शादी के दिन लाल लहंग विद मैचिंग ज्वेलरी पहनी और उसके साथ ही खूबसूरत डिजाइनर मास्क भी पहना। दूल्हा-दुल्हन दोनों ने ही कोरोना से बचाव के लिए डिजाइनर ड्रेस के साथ डिजाइनर मास्क पहना। दुल्हे ने वाइट डिजाइनर शेरवानी के साथ डिजाइनर सफेद मास्क भी पहना। इस मास्क ने दोनों के आउटफिट को और भी पर्फेक्ट बना दिया था। लॉकडाउन में दोनों का ये लुक सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।
नए जोड़े को सावधानी का पालन करते हुए रस्म के दौरान सैनिटाइजर का भी इस्तेमाल करते हुए भी देखा गया। लॉकडाउन की ये शादी नए चलन के साथ संपन्न हुई जिसे लोगों ने काफी पसंद किया।
Written By Shahina Noor