नीम पाउडर से करें बालों से लेकर स्किन तक का ट्रीटमेंट
हमारे घर के आसपास मौजूद नीम की पत्तियां कई तरीकों से फायदेमंद हैं। आप इन्हें पीसकर बने हुए पाउडर का इस्तेमाल बालों से लेकर स्किन तक के ट्रीटमेंट में कर सकते हैं। जानते हैं कैसे?
हम सभी नीम के गुणों से वाकिफ होंगे। जिसका इस्तेमाल दवाइयों से लेकर कॉस्मेटिक्स तक में किया जाता है। लेकिन इसके अलावा भी ये बहुत सारी चीज़ों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। नीम के तेल को इस्तेमाल नहाने के साबुन और कीड़े मारने की दवाइयों में होता है। साथ ही पेट दर्द, आंत के कीड़े मारने, नाक से खून बहने की समस्या में भी ये बेहद कारगर है। तो आइए जानते हैं आप और किन-किन चीज़ों में कर सकती हैं नीम पाउडर का यूज़।
डैंड्रफ
डैंड्रफ से कोई नुकसान तो नहीं होता लेकिन ये आपके बालों की खूबसूरती छीनकर आपको शर्मिंदा जरूर कर सकता है। नीम पाउडर की मदद से डैंड्रफ को आसानी से हटाया जा सकता है। इसके लिए नीम पाउडर में पानी मिलाकर उसे बालों की जड़ों में लगाएं और लगभग 30 मिनट तक लगाकर रखें। कुछ हफ्तों के रोजाना इस्तेमाल से आप आसानी से डैंड्रफ से छुटकारा पा सकते हैं।
दाद
दाद की समस्या आम नहीं है। ये एक तरह का फंगल इंफेक्शन होता है जो रिंग की तरह लाल और पैची नजर आता है। जिससे बहुत खुजली होती है। नीम पाउडर इस प्रॉब्लम को दूर करने में बेहद कारगर है क्योंकि इसमें एंटी-फंगल तत्व होते हैं। इसके लिए भी नीम पाउडर को पानी में मिलाएं। अगर आपकी स्किन ड्राय है तो इसमें कुछ बूंदें ऑलिव ऑयल की भी मिला लें। दाद वाली जगह इसे लगाकर कम से कम 10-15 मिनट रखें और घोने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। कुछ दिनों के इस्तेमाल से ही आपको फर्क नजर आने लगेगा।
कील-मुहांसे
कील-मुहासों की समस्या ज्यादातर ऑयली स्किन वालों के साथ होती है। नीम एंटी फंगल होने के साथ ही एंटीसेप्टिक, एंटीऑक्सीडेंट, एंटीवॉयरल और एंटीइंफ्लेमेटरी तत्वों से भी भरपूर होता है। जो कील-मुहांसों को रखता है दूर। कई सारे फेशियल क्रीम में भी नीम का इस्तेमाल किया जाता है।
सोरायसिस
सोरायसिस स्किन से जुड़ी गंभीर बीमारी है। इसमें स्किन पर लाल रंग के पैच नजर आने लगते हैं इसकी वजह है सेल्स की एक्स्ट्रा ग्रोथ। नीम पाउडर सोरायसिस की समस्या में काफी असरदार होता है। इसके लिए नीम पाउडर और हल्दी में गुनगुना पानी मिलाकर पेस्ट बनाएं और इसे दिन में दो बार लगाएं। इससे काफी हद तक राहत मिलती है।
बाल झड़ना
बाल झड़ने की समस्या से पुरूषों से लेकर महिलाएं तक बहुत परेशान है। वैसे तो बाल झड़ने के पीछे कई सारी वजहें होती हैं लेकिन नीम पाउडर से आप काफी हद तक इस समस्या को कंट्रोल कर सकते हैं। नीम पाउडर और पानी मिलाकर एक पेस्ट बनाएं। चाहें तो एलोवेरा भी मिला सकते हैं। स्कैल्प पर इस पेस्ट को लगाएं और 20-30 मिनट बाद धो लें। हफ्ते में दो बार का इस्तेमाल काफी होगा।
Pic credit- Freepik