Lohri 2020 Hairstyle Ideas: इस लोहड़ी इन आसान हेयरस्टाइल्स से दें बालों को नया लुक!
Lohri 2020 Hairstyle Ideas त्योहार के कुछ दिन पहले से ही इसकी तैयारी शुरू हो जाती है। आप में से कई लोगों ने त्योहार के साथ अपने लुक्स के लिए लगभग तैयारी कर ही ली होगी।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Lohri 2020 Hairstyle Ideas: बस अब कुछ ही दिनों में उत्तरी भारत साल 2020 का पहला त्योहार मनाएगा। सिखों के लिए लोहड़ी खास मायने रखती है। विशेष रूप से शरद ऋतु के समापन पर इस त्यौहार को मनाने का प्रचलन है। 2020 में यह त्यौहार 13 जनवरी, सोमवार को मनाया जाएगा। लोहड़ी के बाद से ही दिन बड़े होने लगते हैं, यानी माघ मास शुरू हो जाता है। यह त्योहार पूरे विश्व में मनाया जाता है। हालांकि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में ये त्योहार बहुत धूम-धाम से मनाया जाता है।
त्योहार के कुछ दिन पहले से ही इसकी तैयारी शुरू हो जाती है। आप में से कई लोगों ने त्योहार के साथ अपने लुक्स के लिए लगभग तैयारी कर ही ली होगी। कपड़ों, मेकअप और फुटवियर्स के साथ हेयरस्टाइल पर ध्यान देना न भूलें। अगर आपने अभी तक अपने लुक के साथ परफेक्ट हेयरस्टाइल के बारे में नहीं सोचा है तो हम आपकी मदद कर सकते हैं।
हम आपके लिए लाए हैं लोहड़ी 5 खूबसूरत पारंपरिक हेयरस्टाइल्स :
ब्रेडेड बन
पारंपरिक लुक हो या फिर वेस्टर्न, बन हेयरस्टाइल ऐसी है जो सभी की पहली पसंद होती है। अपने इसी लुक को मज़ेदार बनाने के लिए इसे ब्रेड कर आप इसमें कुछ बदलाव कर सकते हैं। इस लुक के लिए अपने बालों के दो हिस्से करें और दोनों तरफ चोटी बना लें। उसके बाद बालों को पीछे कर एक लो बन बांध लें। इसमें आप या तो नीट लुक कर सकते हैं या फिर मेस्सी।
लो बन
पारंपरिक लुक के लिए लो बन से बेहतर और कुछ नहीं लगता। इसके लिए आपको सिर्फ बालों को पीछे कर जूड़ा बनाना है। इसके अलावा नीट लुक के लिए आप हेयरस्प्रे का इस्तेमाल कर सकते हैं।
सेमी-हालो ब्रेड
ये हेयरस्टाइल न सिर्फ ट्रेंडी लगती हैं बल्कि हर पारंपरिक कपड़ों के साथ अच्छी लगती है। इस हेयरस्टाइल के लिए पहले आपको बालों को उल्टी तरफ से कंघी करनी होगी। उसके बाद अपने चेहरे के सबसे पास के बालों को लें और चोटी बना लें। इसके बाद कर्लिंग रोड से बाकी के बालों को स्टाइल कर लें।
हाफ टॉप नॉट
अगर आप इस साल लोहड़ी पर इंडो-वेस्टर्न लुक चाहती हैं, तो हाफ टॉप-नॉट आपके लिए बेस्ट रहेगी। इस लुक के लिए अपने बालों को दो हिस्सों में बांट लें। ऊपर वाले हिस्से को जूड़े में बांधे और नीचे को खुला छोड़ दें। नीचे के बालों को कर्ल या फिर स्ट्रेट रख सकती हैं।
मेस्सी पोनीटेल
ये लुक बॉलीवुड स्टार्स के बीच पिछले साल काफी पॉपुलर रहा था। इस आसान हेयरस्टाइल को आप साड़ी या फिर सूट के साथ स्टाइल कर सकते हैं। इसके लिए आपको बालों को बैक-कोम्ब करके पोनीटेल बांधनी होगी। इसके बाद मेस्सी लुक के लिए कुछ बालों को ऊपर की खींच लें। इसके अलावा आप हेयरबैंड के ऊपर बालों को बांध सकते हैं।