गर्मी में पुदीना का फेसपैक लगाएं और स्किन में निखार लाएं
सौंदर्य निखार के लिए पुदीना कारगर है। पुदीने का इस्तेमाल कई सारे ब्यूटी प्रोडक्ट्स में हो रहा है। यह त्वचा की कोशिकाओं को नई ऊर्जा देता है साथ ही त्वचा की नमी को खोने नहीं देता।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। चेहरे की खूबसूरती बहुत मायने रखती है। चेहरे पर दाग-धब्बे और मुंहासे आपके चेहरे की खूबसूरती को कम करते हैं। पुदीना जिसे सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है, आपकी स्किन के लिए भी उतना ही फायदेमंद है। सौंदर्य निखार के लिए पुदीना कारगर है। पुदीने का इस्तेमाल कई सारे ब्यूटी प्रोडक्ट्स में भी होने लगा है। यह त्वचा की कोशिकाओं को नई ऊर्जा देता है, साथ ही त्वचा की नमी को खोने नहीं देता। एंटिसेप्टिक होने के कारण इसका प्रयोग बॉडी क्लींजर, साबुन और बॉडी वॉश के रूप में होने लगा है। पुदीने के स्किन के लिए बेहद फायदे हैं। आइए, आपको बताते हैं कि कैसे गर्मी में पुदीना आपकी स्किन में निखार ला सकता है।
अगर आपकी त्वचा ऑयली है, तो पुदीने का फेशियल आपके लिए सही रहेगा। इसको बनाने के लिए दो बड़े चम्मच ताजा पीसे पुदीने के साथ दो बड़े चम्मच दही और एक बड़ा चम्मच ओटमील लेकर गाढ़ा घोल बनाएं। इसे चेहरे पर दस मिनट तक लगाएं और चेहरे को धो लें।
गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने के लिए पुदीने का इस्तेमाल तो खूब होता ही है, इसके साथ ही यह हमारी त्वचा पर मौजूद मुहांसों के निशान से छुटकारा दिलाने में भी मदद करते हैं। आइए जानते हैं कि पुदीने से कैसे बेदाग और निखरी हुई त्वचा हासिल कर सकते हैं।
- अगर आप चेहरे से पिग्मेंटेशन को हटाना चाहते हैं, तो पुदीना का फेसपैक आपके बहुत काम आ सकता है। इसके लिए पुदीना के पत्ते लीजिए और इसमें गुलाब जल मिलाएं। इसके साथ इसमें ओट्स को मिला लें। अच्छे से मिक्स करने के बाद इसे अपने पूरे चेहरे पर लगाकर स्क्रब करें। कुछ समय बाद ही आपको फर्क नजर आने लगेगा।
- पुदीने के पत्ते लें। इसमें गुलाब जल मिलाकर इसका गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को अपने पूरे चेहरे पर लगाएं। यह आपकी त्वचा को ठंडक के साथ-साथ त्वचा पर ग्लो लाने में भी मदद करेगा।
- आप चेहरे पर निखार लाने के लिए बेसन, पुदीने का पेस्ट व शहद इन तीनों को आपस में मिला लें और इसे अपने पूरे चेहरे पर लगाकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। सूखने के बाद साफ पानी से चेहरे को साफ कर लें। ये पेस्ट फेशियल की तरह आपके चेहरे की रौनक बढ़ाएगा। गर्मी में इसके इस्तेमाल से आपका चेहरा ठंडा रहेगा। इस पेस्ट का इस्तेमाल आप हफ्ते में 2 बार कर सकती हैं।
Written By Shahina Noor