Wedding Jewellery Trends: दुल्हन के लिए ये है ट्रेंडिंग ज्वेलरी, इन्हें पहनेंगी तो देखते रह जाएंगे लोग
Latest Wedding Jewellery Patterns दुल्हन को पहनाई जा रही ज्वेलरी सही और ट्रेंड के हिसाब से हो तो दुल्हन की खूबसूरती में चार चांद लग जाते हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। Latest Wedding Jewellery Patterns: शादी के दिन सबसे अलग दिखना हर दुल्हन बनने वाली लड़की के लिए काफी मुश्किल होता है। हालांकि, दुल्हन को पहनाई जा रही ज्वेलरी सही और ट्रेंड के हिसाब से हो तो दुल्हन की खूबसूरती में चार चांद लग जाते हैं। इस साल ज्वेलरी के यह डिजाइन काफी ट्रेंड में रहे हैं और लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं।
मल्टी फिंगर रिंग
डुअल या मल्टी फिंगर रिंग इस साल सबसे ज्यादा ट्रेंड में रहने वाली ज्वेलरी बन चुकी है। अगर आप दुल्हन बनने जा रही हैं तो मल्टी फिंगर रिंग आपके लुक को सबसे अलग पेश करने वाली साबित होगी। खास बात यह है कि यह किसी भी तरह के आउटफिट यानी लहंगा, साड़ी या गाउन में आसानी से मैच हो जाती है।
पोल्की चोकर नेकलेस
पोल्की चोकर नेकलेस काफी हैवी होते हैं जो पूरे गले को काफी सुंदर लुक देने का काम करते हैं। अगर आप शादी वाले दिन लहंगा या साड़ी पहनने वाली हैं तो यह नेकलेस आपके लुक में चार चांद लगा देगा। इसे पारंपरिक और आधुनिक ड्रेस में भी आसानी से पहना जा सकता है।
मल्टी लेयर नेकलेस
मल्टी लेयर नेकलेस इस साल दुल्हन बनने वाली युवतियों के बीच काफी पॉपुलर रहे हैं। इसी वजह से यह नेकलेस ट्रेंड में हैं। इस तरह के नेकलेस गले को खूबसूरत बनाने के साथ ही लंबी गर्दन वाली दुल्हनों के लुक को काफी आकर्षक बना देते हैं। इस नेकलेस में कई लेयर में मोती और जवाहरात को जड़ा जाता है।
कंगन और झुमके
दुल्हन बन रही युवती के लिए सबसे ज्यादा जरूरी ज्वेलरी में कंगन और झुमके होते हैं। बदलते ट्रेंड के चलते कंगन हर तरह की डिजाइन में मौजूद हैं। इसी वजह से इन्हें वेस्टर्न और ट्रेडिशनल ड्रेस में आसानी से कैरी किया जा सकता है। वहीं, डबल लेयर में झुमके ट्रेंड में हैं। कैजुअल ट्रिंकेट और हुप्स झुमके भी दुल्हनों को नया लुक देने का काम करते हैं।