मंझारी में माथे व चेहरे को कूचकर अधेड़ महिला की हत्या
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के भरभरिया गांव के टोला डुमकुडसाई निवासी 50 वर्षीय अधेड़ महिला ननिका भूमिज की हत्या कर दी गई है।
चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के भरभरिया गांव के टोला डुमकुडसाई निवासी 50 वर्षीय अधेड़ महिला ननिका भूमिज की हत्या कर दी गई है। हत्यारों ने कमरे के अंदर ही उसके माथे व चेहरे पर प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया है। घटना की खबर पाकर मंझारी थाना की पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी लेने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके स्वजनों को सौंप दिया।
घटना के संबंध में मृतका के पति रघुनाथ भूमिज ने बताया कि पहली पत्नी के मरने के बाद 12 साल पूर्व उसने नानिका भुइयां से दूसरी शादी कर ली थी। ननिका से कोई संतान नहीं है। रोज की तरह शुक्रवार की रात वह घर के बरामदे में सो रही थी। शनिवार को सुबह करीब सात बजे जबघर से काम के लिए निकल रहा था तो पत्नी कहीं दिखी नहीं। खोजबीन करने के क्रम में कमरे के अंदर उसकी पत्नी का शव पड़ा मिला। उसके सिर एवं चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार कर चेहरे को कुचल दिया गया है। हत्या किए जाने से पूर्व पत्नी के साथ दुष्कर्म की भी संभावना व्यक्त की है। उसने गांव के ही रिश्ते में भाई लगने वाले शख्स पर हत्या का संदेह व्यक्त करते हुए बताया कि पत्नी का किसी बात को लेकर उसके साथ पहले से विवाद चल रहा था।
इधर, मृतका के भाई ने थाना में आकर अपने जीजा रघुनाथ भूमिज पर ही हत्या करने का आरोप लगाकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है। पुलिस को बताया कि उसका पति अक्सर नशे की धुन में रहकर मारपीट किया करता था। पुलिस इस हत्या मामले में अलग-अलग हर एंगल से अनुसंधान कर रही है। ताकि हत्यारे की गिरफ्तारी के साथ-साथ हत्या के कारणों का पता चले।