हादसे में जख्मी झींकपानी कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन रानी महतो की मौत
दुर्घटना में घायल झींकपानी प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की वार्डन रानी महतो का जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल में निधन हो गया।
चाईबासा, जेएनएन। कोल्हान प्रमंडल के पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत झींकपानी प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की वार्डन रानी महतो का जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल में निधन हो गया।
एक सप्ताह पहले अनियंत्रित ट्रक विद्यालय के भीतर घुस गया था। इसकी चपेट में वार्डन रानी महतो आ गई थी। चाईबासा से उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हादसे में उनका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इस वजह से डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसे काट दिया था।
इसके बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं आ रहा था। लगातार 7 दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद शनिवार की सुबह करीब 3:30 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रानी महतो के असमय निधन से शिक्षा विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
नशे में था ट्रक चालक
ट्रक झींकपानी से चाईबासा की ओर आ रहा था। नशे में होने के कारण चालक का नियंत्रण ट्रक पर से हट गया और एक पेड़ से टकराने के बाद ट्रक सीधे कस्तूरबा विद्यालय के मुख्य गेट से टकरा गया। इसकी चपेट में गेट के समीप धूप सेक रही वार्डन आ गई थी। दुर्घटना के बाद चालक भी बेहोश हो गया था। वार्डेन के जख्मी होकर सदर अस्पताल पहुंचने की सूचना पर जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, एसडीपीओ अमर कुमार पांडेय व अन्य सहयोगी पहुंचे हुए थे।