घाटी में पेड़ धराशायी, भूस्खलन से एनएच बाधित
रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच 75 में भूस्खलन एवं पेड़ों के गिरने
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर : रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच 75 में भूस्खलन एवं पेड़ों के गिरने से आवागमन हुआ बाधित रहा। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश का असर मंगलवार को देखने को मिला। भारी बारिश के कारण एनएच-75 में बंदगांव के टेबो घाटी में भूस्खलन और कई पेड़ों के गिरने से मार्ग जाम रहा। वाहन चालक एवं यात्रियों को इससे खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं तत्काल कोई मदद नहीं मिलने पर यात्रियों एवं स्थानीय लोगों ने श्रमदान कर रास्ते से गिरे पेड़ों एवं मिट्टी को हटाया। तत्पश्चात वाहनों का आवागमन सुचारू हो पाया।
---------------
भारी बारिश से गोइलकेरा में ढह गए दो लोगों के कच्चे मकान
, हादसे में बाल-बाल बचा सफाईकर्मी का परिवार
फोटो संख्या-9
संवाद सूत्र गोईलकेरा : इलाके में चार दिनों से जारी भारी बारिश के कारण गोईलकेरा में मंगलवार की सुबह दो लोगों के कच्चे मकान ढह गए। इस हादसे में सफाईकर्मी शंभू लोहार का परिवार बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार गोईलकेरा बाजार और साप्ताहिक हाट में साफ सफाई का काम करने वाले 60 वर्षीय शंभू लोहार बंगाली टोला स्थित बड़ा तालाब के पास कच्चे मकान में अपनी बेटी व पत्नी के साथ रहते हैं। मंगलवार को तड़के वह अपने काम से बेटी सुखमती के साथ बाजार जाने के लिए घर से निकले ही थे कि उनका मकान बारिश से ढह गया। उन्होंने बताया कि घर से निकलने में दो मिनट की भी देरी हुई होती तो वे हादसे का शिकार हो जाते। इधर प्रखंड के ही दलाइकेला गांव में दिनेश प्रधान का कच्चा मकान भी बारिश में ढह गया। सुबह करीब साढ़े सात बजे अचानक उनके घर की दीवार गिर गई। दीवार के ढहने से घर के कई समान बर्बाद हो गए। पीड़ित परिवारों ने गोईलकेरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी से मदद की गुहार लगाई है।