सेल में मजदूरों से एस थ्री का काम लेकर एस 1 का वेतन दिया जा रहा : रामा पांडेय
सेल के विभिन्न सेक्टरों में मजदूरों का शोषण सेल प्रबंधन एवं ठेकेदारों द्वारा किया जा रहा है। मजदूरों का शोषण रोकने के लिए ही झारखंड मजदूर संघर्ष संघ का गठन किया गया है।
संवाद सूत्र, गुवा : सेल के विभिन्न सेक्टरों में मजदूरों का शोषण सेल प्रबंधन एवं ठेकेदारों द्वारा किया जा रहा है। मजदूरों का शोषण रोकने के लिए ही झारखंड मजदूर संघर्ष संघ का गठन किया गया है। ये बातें झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के अध्यक्ष रामा पांडेय ने संघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मजदूरों को संबोधित कर कहीं। पांडेय ने आगे कहा कि अस्थाई मजदूरों से एस थ्री का कार्य सेल के विभिन्न यूनिटों में कराया जा रहा है मगर उसे एस 1 का वेतन दिया जाता है। सेल के ठेकेदारों द्वारा ठेका श्रमिकों को महीने की सात तारीख को भुगतान किया जाना चाहिए परंतु सेल के ठेकेदारों द्वारा ठेका श्रमिकों को सही समय में भुगतान न करके उसे चार हिस्सों में वेतन का भुगतान किया जाता है। रामा ने कहा कि जल्द ही वेज रिवीजन पर सेल प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ जोरदार आंदोलन करेगा। कार्यक्रम के दौरान झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के अध्यक्ष रामा पांडेय द्वारा मनोहर झा को चिड़िया सप्लाई मजदूर संघ के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप सुरीन ने किया। वहीं धन्यवाद ज्ञापन अंतर महाकुड ने किया। कार्यक्रम के अंत में सम्मानित लोगों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वासु बिरवा, हरे कृष्णा, जुगा किशोर प्रधान, चंद्रिका खंडायत, पंकज गुप्ता, डा. विप्लव दास तथा देवकी कुमारी शामिल हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में संजय बहादुर, संजय कैमरून, अजय बानरा, सुरेंद्र तिरिया, रामू हेस्सा, इंद्रमणि आपट, किशोर सिंह, जोगिन केसरी सहित काफी संख्या में मजदूर मौजूद थे।