ओडिशा के जशीपुर से सीकेपी ससुराल जा रहे व्यक्ति से लूटपाट
रात करीब दस बजे मंझारी थाना पहुंचे और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
ओडिशा के जशीपुर से सीकेपी ससुराल जा रहे व्यक्ति से लूटपाट
संवाद सूत्र, तांतनगर : पश्चिमी सिंहभूम जिला के मंझारी थाना क्षेत्र के जांगीबुरु घाटी में ओडिशा के जशीपुर से चक्रधरपुर अपने ससुराल जा रहे एक व्यक्ति से अज्ञात अपराधियों ने मिलकर 3 हजार 500 रुपये नकद समेत बाइक लूट लिया। जांगीबुरु घाटी में घात लगाए बैठे चार अपराधियों ने मिलकर बुधवार अपराह्न लगभग करीब पांच बजे घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद भुक्तभोगी थाना के चक्कर में इधर-उधर भटकते रहे। उन्होंने अपने ससुराल में इसकी जानकारी दी। जानकारी पाकर ससुराल के लोग वहां पहुंच गए। सभी मिलकर चाईबासा थाना चले गए। वहां बात नहीं बनी तो वहां से हाटगम्हरिया थाना चले गए। वहां पता चला कि घटनास्थल मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत आता है। इसके बाद वे लोग रात करीब दस बजे मंझारी थाना पहुंचे और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। भुक्तभोगी पंकज पोलाई ने बताया कि ओडिशा के जशीपुर से अपनी बाइक पर सवार होकर चक्रधरपुर अपने ससुराल जा रहा था। इसी दौरान जांगीबुरु घाटी में दो व्यक्तियों ने खड़े होकर रुकने का इशारा किया। वह जैसे ही रुका कि झाड़ी से और दो लड़के निकलकर वहां पहुंच गये। चारों ने मिलकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद जान मारने की धमकी देते हुए उसके पाकेट में रखे 3500 रुपये निकाल लिये। इसके बाद उसकी बाइक लेकर वहां से फरार हो गये। घटना के बाद स्थानीय थाना की पुलिस अपराधियों का पता लगाने में जुट गई है।