प्रकाश पर्व को लेकर चाईबासा में निकली प्रभातफेरी
श्री गुरु सिंह सभा की ओर से चाईबासा गुरुद्वारा नानक दरबार में श्री गुरु गोविद सिंह जी का 353वां प्रकाश पर्व दो जनवरी दिन गुरुवार को मनाया जाएगा।
जासं, चाईबासा : श्री गुरु सिंह सभा की ओर से चाईबासा गुरुद्वारा नानक दरबार में श्री गुरु गोविद सिंह जी का 353वां प्रकाश पर्व दो जनवरी दिन गुरुवार को मनाया जाएगा। इस गुरु पर्व को मनाने के लिए कार्यक्रमों की शुरुआत प्रभातफेरी से आरंभ की गई। सोमवार को गुरुद्वारा साहिब में सुबह पांच बजे अरदास करके प्रभातफेरी आरंभ हुई। जो जेएमपी चौक, अमलाटोला होते हुए टुंगरी जसपाल सिंह तथा सतपाल सिंह के घर पहुंची। श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने बताया कि कीर्तन एवं अरदास कर वापस पोस्ट ऑफिस चौक, सदर बाजार, बड़ीबाजार, मेरीटोला होते हुए सुरिदर पाल सिंह वालिया के घर पहुंचकर कीर्तन एवं अरदास की गई। वहां से गुरुद्वारा साहिब पहुंच कर अरदास एवं प्रसाद वितरण के बाद प्रभातफेरी समाप्त हुई। मंगलवार सुबह ग्यारह बजे से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का अखंड पाठ आरंभ हुआ जिसकी संपूर्णता दो जनवरी को गुरु पर्व वाले दिन गुरुवार को होगी।