मोदी सरकार बनी तो संसद में दिखाएगी फिल्म : हेमंत
जासं चाईबासा टाटा कॉलेज मैदान से महागठबंधन की प्रत्याशी गीता कोड़ा को सिंहभूम सीट से ि
जासं, चाईबासा : टाटा कॉलेज मैदान से महागठबंधन की प्रत्याशी गीता कोड़ा को सिंहभूम सीट से विजयी बनाने की अपील करते हुए झामुमो नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मायावी बताया। कहा कि मोदी बहुत बड़े जादूगर और बहुत बड़े झूठे हैं। 2014 के चुनाव में जो बातें कह रहे थे, वही आज भी दोहरा रहे हैं। हेमंत ने कहा कि मोदी कह रहे कि आदिवासियों की जमीन कोई नहीं छीन सकेगा, जबकि उन्हीं के रघुवर दास भूमि अधिग्रहण बिल में संशोधन करा रहे थे। कहा कि पहले के चुनाव और इस बार के चुनाव में फर्क है। पहली बार ऐसा लग रहा है कि एनडीए सरकार बन गई तो देश में दोबारा चुनाव होगा भी या नहीं। उन्होंने एनडीए उम्मीदवारों पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी सरकार में लड़ कौन रहा है? फिल्म स्टार सनी देओल, रवि किशन, हेमा मालिनी, जया प्रदा, प्रज्ञा ठाकुर..यह सरकार है या सिनेमा। ऐसा लगता है कि संसद में ये लोग सिनेमा दिखाएंगे।
-------
सिंहभूम की जनता त्रस्त और गिलुवा मस्त : गीता कोड़ा
सिंहभूम से कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा ने राहुल गांधी के साथ मंच साझा करते हुए कहा कि आज गर्मी बहुत है। इतनी गर्मी में निकल रहा यह पसीना यूं जाया नहीं होने दिया जाएगा। मोदी जी विदेश का दौरा करते हैं, उन्हें बता दूं कि भूखे पेट होए न भजन गोपाला। कोल्हान के लोगों को भरपेट भोजन नहीं मिल रहा। किसान को खेतों में पानी नहीं मिल रहा। रोजगार के लिए पलायन हो रहा है। कोल्हान के लोग अब ठगने वाले नहीं हैं। यहां की जनता सांसद लक्ष्मण गिलुवा से त्रस्त है। सांसद मस्त हैं। भाजपा वाले सिर्फ शोषण करना जानते हैं। पारा टीचर व आंगनबाड़ी सेविकाओं पर लाठियां बरसाना जानते हैं। सिंहभूम की जनता अब भाजपा को टाटा, बाय-बाय करने को तैयार है।
-----------------
प्रधानमंत्री ने झूठ में की है
पीएचडी : सुखदेव भगत
कांग्रेस नेता सुखदेव भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने झूठ में पीएचडी कर रखी है। उनकी बातों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। एक तरफ वो कहते हैं कि आदिवासी का हक नहीं मारने देंगे और दूसरी तरफ सीएनटी-एसपीटी एक्ट में बदलाव कर आदिवासी की अस्मिता से खिलवाड़ करने की साजिश करते हैं। जल-जंगल-जमीन हमारी है। अमीरों की यह सरकार हमारी जमीन हमसे छीनना चाहती है। हमने ऐसा नहीं होने दिया। कांग्रेस समेत सभी दलों ने पुरजोर विरोध कर सरकार को संशोधन कानून वापस लेने को मजबूर किया। रघुवर दास पर निशाना साधते हुए कहा कि वो जंगल से आदिवासियों को हटाकर हाथियों को बसाना चाहते हैं। कुल मिलाकर यह चुनाव आदिवासी की अस्मिता की लड़ाई है। लोकतंत्र को बचाने के लिए आज हम सभी दल एक मंच पर हैं।
------------------
रघुवर सरकार को यहां
से भगाएंगे : डॉ. अजय
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कहा कि सुना है रघुवर दास चाईबासा में कैंप किए हुए हैं। वो प्रशासन के साथ मिलकर भीड़ को टाटा कालेज मैदान आने नहीं दे रहे हैं। जगह-जगह चेकिग के नाम पर वाहनों को रोका जा रहा है। मैं उन्हें बता दूं कि 14 की 14 सीटों पर महागठबंधन की हवा चल रही है। रघुवर सरकार को यहां से भगाएंगे। कांग्रेस ने हमेशा आदिवासी के अधिकार को बचाने की कोशिश की है। भाजपा का निशाना आपकी जमीन पर है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप