टाटा डीएवी में मनाया गया मानवाधिकार दिवस
स्थानीय टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल नोवामुंडी में मंगलवार के दिन 71वां अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा में बच्चों ने इस दिवस पर कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : स्थानीय टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल नोवामुंडी में मंगलवार के दिन 71वां अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा में बच्चों ने इस दिवस पर कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार भुइयां ने इस दिवस के महत्व के बारे में बच्चों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 1948ई. में संयुक्त राष्ट्र संघ ने मानव अधिकारों की रक्षा के लिए मानवाधिकार आयोग का गठन किया था। उसी दिन से हर वर्ष यह दिवस पूरे विश्व में मनाया जाता है। हमारे संविधान पर भी इसका व्यापक प्रभाव पड़ा और संविधान निर्माताओं ने मानवाधिकार से जुड़े तथ्यों को संविधान में स्थान दिया। मुख्यत: दो प्रकार के अधिकार हमें प्राप्त हैं। नागरिक एवं राजनीतिक अधिकार। इसका विस्तृत वर्णन हमारे मूल अधिकारों में निहित है। हमें आज अनेक अधिकार मिले हुए हैं लेकिन हमारे कुछ कर्तव्य भी हैं जिनका पालन हमें ईमानदारी से करना चाहिए। समाज विज्ञान के शिक्षक डॉ. एसके सिंह ने भी अपने बहुमूल्य विचारों से बच्चों को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि आज मानवाधिकारों का उल्लंघन बढ़ता जा रहा है इसको रोकने के लिए मजबूत जनमत तैयार करने की जरूरत है। मौके पर सभी शिक्षक, शिक्षिकाओं के साथ-साथ सभी बच्चे भी उपस्थित थे।