केंद्र सरकार में महंगाई मौसी और फुआ हो गई : कुमार गौरव
पश्चिमी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीनबंधु बोयपाई के नेतृत्व में गुरुवार को केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ युवा आक्रोश यात्रा कांग्रेस भवन से उपायुक्त आफिस मुख्य गेट तक निकाली गई।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीनबंधु बोयपाई के नेतृत्व में गुरुवार को केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ युवा आक्रोश यात्रा कांग्रेस भवन से उपायुक्त आफिस मुख्य गेट तक निकाली गई। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि पहले भाजपा को महंगाई डायन लगती थी। अब उनकी सरकार में महंगाई मौसी और फुआ हो गई है। भाजपा सरकार ने महंगाई कम करने का वादा किया था, परंतु आज सबसे ज्यादा महंगाई उनके सरकार में है। जनता का पैसा से सरकार अपनी जेबें भरने में लगी है। कमरतोड़ महंगाई बढ़ाकर सरकार जनता का तेल निकालने में लगी है। प्रत्येक वर्ष 2 करोड़ नौकरी देने का वादा झूठा साबित हुआ। मोदी सरकार में सबसे अधिक युवा बेरोजगारी के कगार पर पहुंच गए हैं। देश के किसान आंदोलन कर रहे हैं। सरकारी संस्थाओं को बेचा जा रहा है। भाजपा सरकार गैर भाजपा शासित राज्यों से सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी ने कहा था कि केंद्र और राज्य आपसी समन्वय स्थापित कर विकास के गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे। परंतु झारखंड राज्य के पेट्रोल -डीजल के स्टेट टैक्स का पैसा राज्य को नहीं मिल रहा है। परंतु राज्य का बिजली का पैसा राज्य सरकार के बगैर सहमति के काट रही है जिससे अतिरिक्त बोझ झारखंड सरकार पर पड़ रहा है। ये मोदी सरकार का दोहरा चरित्र है। इसका युवा कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर विरोध करती है। युवा कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार के जनविरोधी नीतियों को रोकने के लिए राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। युवा आक्रोश यात्रा में प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी डॉ. परितोष सिंह, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ चांपिया, कार्यकारी अध्यक्ष शिवकर बोयपाई, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष संजीव रंजन, जिला महासचिव पूर्ण चंद्र कायम, संदीप सनी देवगम, दिनेश चंद्र बोयपाई, गोविद पाठ पिगुवा, सनी पाट पिगुवा, विवेक विशाल प्रधान, प्रीतम बांकिरा, चंद्रशेखर बिरूली, पप्पू देवगम, सांसद प्रतिनिधि त्रिशानु राय, पप्पू ओझा, नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार, पूनम हेंब्रम आदि शामिल थे।