नोवामुंडी में भी किसानों के समर्थन में धरने पर बैठे कांग्रेसी
नोवामुंडी प्रखंड कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मंजीत प्रधान की अध्यक्षता में शनिवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : नोवामुंडी प्रखंड कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मंजीत प्रधान की अध्यक्षता में शनिवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना खत्म होने के बाद बीडीओ समरेश प्रसाद भंडारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को मांग पत्र सौंपा गया। धरना में कांग्रेस जिला कमेटी के पर्यवेक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त देवराज चातर भी शामिल हुए। चातर ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लाया गया कृषि कानून 2020 के विरोध और किसानों के द्वारा किए जा रहे विरोध के समर्थन में एक दिवसीय धरना कार्यक्रम रखा गया है। मौके पर सुब्रतो घोष, दानिश कासमी, मामूर कासमी, सूरज नायक, रामविलास प्रजापति, मुकेश गोप, उपेंद्र लागुरी, शिवचरण नायक, लाल पान दास एवं तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------------
कृषि कानून किसानों की आजीविका पर हमला : नीला नाग
जागरण संवाददाता, चाईबासा : चाईबासा नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार की अध्यक्षता में सदर अनुमंडल कार्यालय के सामने केंद्रीय कृषि कानून को वापस लेने एवं देश की राजधानी दिल्ली में चल रहे किसानों के आंदोलन के समर्थन में शनिवार को धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीला नाग ने कहा कि भाजपा सरकार ने तीन किसान विरोधी कृषि कानून बनाकर किसानों की आजीविका पर क्रूर हमला किया है। इन तीनों कानून से किसानों को नहीं बल्कि पूंजीपतियों को लाभ होगा। जिला प्रवक्ता जितेंद्र नाथ ओझा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटकर जबरन कृषि कानून को लागू किया गया। इन कृषि कानूनों को बनाने से पूर्व किसानों से भी विचार-विमर्श नहीं किया गया। नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि इन कृषि कानूनों से अब किसानों को 'न्यूनतम समर्थन मूल्य' नहीं मिल पाएगा। सरकारी कृषि मंडियां ध्वस्त हो जाएंगी। निजी कृषि मंडियां फसलों की कीमतें तय करेंगी। अनाजों का भंडारण एवं जमाखोरी बढ़ेगी। कांट्रैक्ट फार्मिंग द्वारा किसानों पर शोषण बढ़ेगा। धरना-प्रदर्शन को शकीला बानो, जगदीश सुंडी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नीरज झा, रवि कच्छप, मोहम्मद सलीम, काजल गोराई, पूरन कारवां, राजू कारवां, रेशमा खातून, गीता तिग्गा, जया सवैया, निराकार बिरुवा, नारायण निषाद, सुशील कुमार दास आदि उपस्थित थे।