भाजपा को दिकु पार्टी बोलने वाली सरकार में एक भी हो मंत्री नहीं : लक्ष्मण गिलुवा
पश्चिमी सिंहभूम के सदर प्रखंड के डोंकासाई में भाजपा के नवनियुक्त प्रखंड पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्यों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण सदर प्रखंड अध्यक्ष जयकिशन बिरूली ने किया।
जासं, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के सदर प्रखंड के डोंकासाई में भाजपा के नवनियुक्त प्रखंड पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्यों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण सदर प्रखंड अध्यक्ष जयकिशन बिरूली ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में आए दिन बच्चियों के साथ दुष्कर्म व हत्या हो रही है। यह उनके सरकार की उपलब्धी है। हेमंत भाजपा को दिकु पार्टी बोलते हैं और अपनी सरकार में एक भी हो को मंत्री नहीं बनाया। पश्चिमी सिंहभूम की जनता को इसका जवाब मांगना चाहिए और हेमंत सोरेन ने जो कहा वह विधायक दीपक बिरूवा ने भी कहा कि झामुमो की सरकार आएगी तो कुजू डैम रद कर देंगे, आ गई तो काम शुरू किया जा रहा है। इसका भी जवाब जनता को मांगना चाहिए। भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने भूत में लगातार संपर्क अभियान चलाना चाहिए और अपने बूथ को मजबूत करना चाहिए। साथ ही बूथ स्तर पर जो भी जनहित के कार्य हैं उनको कराने में जनता को सहयोग देना चाहिए। आज भी ग्रामीण क्षेत्र में कई ग्रामीणों का राशन कार्ड नहीं है, आयुष्मान कार्ड नहीं है, वृद्धावस्था पेंशन से वंचित हैं। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष लालमुनि पुरती, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र नंदी, महामंत्री प्रताप कटियार, ब्राजील सुंडी ने भी संबोधन किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन गुलशन सुंडी ने दिया। अभिनंदन समारोह में लेबेया देवगम, नारायण कुदादा, सुशीला सुंडी, कुंज बिहारी खंडाईत, सिदिऊ तियु, अमृत हेमब्रम, कोलाय देवगम, विजय सुंडी, दमुत्मा पुरती, सुरेश पुरती व डोबरो पाड़ेया आदि उपस्थित थे।