झारखंड के घाटशिला में पेड़ से लटका मिला प्रेमी युगल का शव
ग्रामीणों के अनुसार दोनों में प्रेम संबंध था। दोनों एक दूसरे से शादी करने वाले थे, लेकिन दोनों के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए प्रेमी युगल ने यह कदम उठाया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी सिंहभूम। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के मालुआ गांव में शनिवार को एक प्रेमी युगल ने खुदकशी कर ली। रविवार सुबह जब ग्रामीण खेत में शौच के लिए गए तो दोनों का शव देखा। घटनास्थल ईंट-भट्ठा का क्षेत्र है। यहां से मिट्टी का कटाव किया जाता है। दोनों का शव आम के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। माना जा रहा है कि घटना शनिवार देर रात की है।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों में प्रेम संबंध था। दोनों एक दूसरे से शादी करने वाले थे, लेकिन दोनों के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए प्रेमी युगल ने यह कदम उठाया। सूचना मिलने पर पुलिस रविवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची। दोनों शवों को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, बड़शोल थाना क्षेत्र के गम्हरिया पंचायत अंतर्गत मालुआ गांव में प्रेमी व प्रेमिका के शव आम के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटके पाए गए। इनकी पहचान कविता नायक (16) और रविंद्र नाथ मुंडा (17) के रूप में हुई है। दोनों ही मालुआ के एक ही टोले के रहने वाले थे। इस घटना के पीछे वजह प्रेम प्रसंग बताया जाता है। दोनों के परिजनों ने कारण बताने से इंकार कर दिया है। घटना की सूचना उस समय ग्रामीणों को मिली, जब शौच के लिए वे खेत में गए थे।
बड़शोल पुलिस रविवार की सुबह 8:30 बजे घटना स्थल पर पहुंची। शवों को पेड़ से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है। कविता ने इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा दी है, जबकि रविंद्र 11वीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि दोनों का आपस में प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से शादी करने वाले थे। लेकिन परिजनों द्वारा शादी से इंकार किया जा रहा है। इस कारण प्रेमी-प्रेमिका ने यह कदमा उठाया।