कोल्हान गर्वमेंट स्टेट के नाम पर फर्जी बहाली मामले में आनंद व अजय समेत नौ पर प्राथमिकी
कोल्हान गर्वमेंट स्टेट के नाम पर फर्जी बहाली और नियुक्ति पत्र बांटने के मामले में अलग प्राथमिकी दर्ज हुई है। जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो के बयान पर मुफस्सिल थाना में कुल नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : कोल्हान गर्वमेंट स्टेट के नाम पर फर्जी बहाली और नियुक्ति पत्र बांटने के मामले में अलग प्राथमिकी दर्ज हुई है। जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो के बयान पर मुफस्सिल थाना में कुल नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। मामले में आनंद चातार, अजय पाड़ेया, गारदी सुंडी, बबेंद्र देवगम उर्फ सुखदेव, सुशील देवगम, अर्जुन देवगम, समीर पाडे़या, हरिकृष्ण देवगम, रंजीत बानरा को प्राथमिक अभियुक्त बनाया गया है। आनंद को छोड़कर सभी को पुलिस ने रविवार को चाईबासा सदर प्रखंड के कुर्सी पंचायत अंतर्गत लादुराबासा गांव में बहाली शिविर से गिरफ्तार किया था। इन लोगों पर अनैतिक एवं असंवैधानिक कार्य में संलिप्तता का आरोप लगा है।
-----------------------
अनैतिक एवं असंवैधानिक कार्य में संलिप्तता का आरोप
प्राथमिकी में जिला नियोजन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति अनैतिक एवं असंवैधानिक कार्यों में संलिप्त होते नजर आ रहे हैं। इन लोगों के असंवैधानिक क्रियाकलापों एवं गतिविधियों से भारत की एकता, अखंडता एवं समप्रभुता पर खतरा उत्पन्न होने की संभावना है। इनके द्वारा जिले में विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न की जा सकती है। इनसे जिले के प्रशासनिक तंत्र को विफल करने का प्रयास किया जा रहा है। ये लोग जिले की शासन व्यवस्था को अपने हाथ में लेना चाहते हैं। कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र झारखंड राज्य के अधीन है। राज्य सरकार की विधायिका द्वारा शासित है। यह क्षेत्र भारत संघ के अंतर्गत संवैधानिक रूप से राज्य सरकार द्वारा स्थापित विधि द्वारा शासित है एवं इस क्षेत्र की नियुक्ति झारखंड सरकार द्वारा नियंत्रित की जाती है।
------------------------
नियुक्ति स्थल से पुलिस ने नियुक्ति संबंधित करीब 1000 संचिकाएं जब्त की
फर्जी बहाली के लिए लादुराबासा में चल रहे शिविर में छापेमारी के बाद गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर एक कमरे से मोनो पुरती, जेमा बानरा, जयमति बोदरा, किशोर तिरिया, विजय सिंह बारी एवं अन्य 541 लोगों की नियुक्ति से संबंधित संचिका जब्त की गयी है। इसके अलावा एक प्रिटर, मानिटर, लैपटाप, चार्जर वहां से मिला है। दूसरे एक बक्से से अनिता जारिका, सुमन बानरा, पदमिनी बानरा, बिरसा बारी, गोनो बारी, सुमित्रा कुदादा एवं अन्य 395 व्यक्तियों की नियुक्ति संबंधी संचिका बरामद हुई हैं।