गिलुवा ने किया आदिवासी समाज से विश्वासघात : भगत
भाजपा प्रत्याशी सह प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने आदिवासी समाज के साथ विश्वासघात
जासं, चक्रधरपुर : भाजपा प्रत्याशी सह प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने आदिवासी समाज के साथ विश्वासघात किया। भाजपा जब सीएनटी एक्ट में संशोधन कर रही थी तो उसके समर्थन में खड़े थे। लैंड बैंक के नाम पर आदिवासियों के सरना, देशाउली तक को हड़प लिया गया। केवल खूंटी में ही 488 एकड़ जमीन अधिग्रहण कर लिया गया। उक्त बातें बात लोहरदगा विधायक सुखदेव भगत ने चक्रधरपुर में कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा को संविधान व लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है। मानकी मुंडा व्यवस्था व पांचवीं अनुसूची की अनदेखी की गई। कांग्रेस महात्मा गांधी के विचारों की वाहक है, जबकि भाजपा नाथूराम के विचारों पर चल रही है। यही वजह है कि सारे दल भाजपा के खिलाफ हैं। सिंहभूम सीट से महागठबंधन प्रत्याशी गीता कोड़ा की जीत सुनिश्चित है।
पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि भाजपा से जनता खफा है। भाजपा सरकार रहते जल, जंगल, जमीन की रक्षा संभव नहीं। आरक्षण में छेड़छाड़ से भाजपा सरकार बेनकाब हो चुकी है। इस दौरान पूर्व सीएम मधु कोड़ा, आलोक दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, जिलाध्यक्ष सन्नी सिकू आदि मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप