टाटा डीएवी में मनाई गई हंसराज जयंती
स्थानीय टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को महात्मा हंसराज जयंती मनाई गई। मौके पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक व स्कूली छात्र उपस्थित थे।
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : स्थानीय टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को महात्मा हंसराज जयंती मनाई गई। मौके पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक व स्कूली छात्र उपस्थित थे। प्रात: कालीन प्रार्थना सभा में सर्व प्रथम प्रभारी प्राचार्य यूके चौधरी की उपस्थिति में वैदिक मंत्रों के बीच महात्मा हंसराज के तस्वीर पर पुष्पांजली अर्पित की गई। मौके पर यूके चौधरी ने अपने संबोधन में बताया कि महात्मा हंसराज का जीवन डीएवी स्कूल की नींव डालने से लेकर उसे पल्लवित करने में लगा रहा। लाहौर में 1886 में महात्माजी ने प्रथम डीएवी विद्यालय की स्थापना की थी। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। विद्यालय के संगीत समूह के बच्चों के साथ शिक्षिका रश्मी भट्टाचार्जी एवं अरबिंद ठाकुर ने राष्ट्रभक्ति संगीत तथा शांति पाठ प्रस्तुत किया। दसवीं कक्षा की छात्रा सायोनिका मुखर्जी ने श्लोकोच्चारण किया। शिक्षक सुरेश पंडा ने संस्कृत भाषा में महात्मा के जीवन वृत्त पर विस्तार से प्रकाश डाला। मंच संचालन व धन्यवाद ज्ञापन दशम कक्षा के अनुराग महाकुड़ ने किया।