आदिवासी नेता महेंद्र नायक पर हमले के छह आरोपित गिरफ्तार
आदिवासी नेता तथा गोंडवाना गोंड महासभा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नायक पर शुक्रवार रात बुढ़ीपदर के पास कार रोककर हुए जानलेवा हमले के आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
संवाद सूत्र, ब्रजराजनगर : आदिवासी नेता तथा गोंडवाना गोंड महासभा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नायक पर शुक्रवार रात बुढ़ीपदर के पास कार रोककर हुए जानलेवा हमले के आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं एक और आरोपित अभी फरार है। गिरफ्तार होने वालों में ब्रजराजनगर के अभयपुर निवासी 19 वर्षीय रोहित दास, ग्वालापाड़ा का 26 वर्षीय पंकज गुप्ता तथा खलियाकानी के 38 वर्षीय दिब्याशिश प्रियदर्शी स्वाई, 29 वर्षीय रश्मि रंजन स्वाई, 23 वर्षीय शैलेन्द्र पात्र व 19 वर्षीय मनीष मिश्र शामिल हैं। एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है। ज्ञात हो की महेंद्र नायक शुक्रवार रात भुवनेश्वर जाने के लिए अपने निवास स्थान खालियाकानी से झारसुगुड़ा के लिए कार से जा रहे थे। तभी बूढ़ीपदर के पास एक कार तथा एक बाइक में आए सात लोगों ने महेंद्र की कार रुकवा कर हमला कर दिया जिसमें महेंद्र ने एक आरोपित को दबोचकर पुलिस के हवाले करते हुए इसे राजनैतिक हमला बताया था। जबकि पुलिस का कहना है की शुक्रवार रात सभी आरोपित खलियाकानी क्लब के पास बैठकर शराब पी रहे थे तभी महेंद्र के वहां से गुजरने पर महेंद्र ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो दोनों में बहस भी हुई। इसी से उत्तेजित होकर आरोपियों ने महेंद्र का पीछाकर के उनसे मारपीट की ।