भोला व कृष्णा की गिरफ्तारी के लिए टोंटो पुलिस कर रही छापेमारी
टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत रेंगड़ासाई में 24 नवंबर को माओवादियों ने बजाय मुंडारी नामक ग्रामीण की पुलिस का मुखबिर बताकर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत रेंगड़ासाई में 24 नवंबर को माओवादियों ने बजाय मुंडारी नामक ग्रामीण की पुलिस का मुखबिर बताकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस माओवादी घटना में गांव के ही दो व्यक्ति भोलानाथ मुंडारी और कृष्णा मुंडारी का हाथ होने का आरोप मृतक की पत्नी सुनिका मुंडारी ने लगाया था। चाईबासा पुलिस भोला और कृष्णा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है मगर घटना के पांच दिन बाद भी इनका कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला है। वहीं, इस मामले से परिवार दहशत में है। पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा ने बताया कि मृतक की पत्नी ने भोलानाथ व कृष्णा के खिलाफ नामजद समेत 15-20 माओवादियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसी आधार पर पुलिस अपना अनुसंधान कर रही है। हम लोगों का प्रयास रहेगा कि मृतक की पत्नी को सरकारी नियमानुसार नौकरी मिले।