बोलेरो के धक्के से अंचल कर्मी घायल टीएमएच रेफर
बुधवार को टेबो घाटी के तेलीमारा पुलिया के समीप बोलेरो के धक्के से बं
संवाद सूत्र, बंदगांव : बुधवार को टेबो घाटी के तेलीमारा पुलिया के समीप बोलेरो के धक्के से बंदगांव प्रखंड कार्यालय के दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह चाईबासा से बंदगांव प्रखंड के प्रभारी अंचल निरीक्षक बिरसा कालुंडिया और कर्मचारी सुरेंद्र होनहागा बाइक से बंदगांव प्रखंड कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान कराईकेला थाना क्षेत्र के टेबो घाटी में तेलीपारा पुलिया के पास रांची से चाईबासा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सीधे मोटरसाइकिल में बैठे प्रभारी अंचल निरीक्षक बिरसा कालुडिया के पैर में धक्का मार दिया। जिससे मौके पर ही बिरसा कालुंडिया का दाहिना पैर टूट गया और दोनों मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए। घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। बाद में घटना की सूचना पर कराईकेला के कुछ स्थानीय लोग घटनास्थल पहुंचे। 108 एंबुलेंस को बुलाकर दोनों घायलों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बिरसा कालुंडिया को जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। जबकि सुरेंद्र होनहागा को हल्की चोट आने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इधर घटना की सूचना मिलने पर बंदगांव प्रखंड कार्यालय के प्रखंड एवं अंचल कर्मियों ने अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना।