चाईबासा आये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शाह ब्रदर्स के मामले में हेमंत सरकार पर उठाये सवाल
भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूती प्रदान करने व सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनाने कोल्हान दौरे पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने शनिवार को राज्य सरकार पर जमकर हमला किया।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूती प्रदान करने व सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनाने कोल्हान दौरे पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने शनिवार को राज्य सरकार पर जमकर हमला किया। शनिवार को चाईबासा परिसदन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार द्वारा चार लौह अयस्क खदानों को जेएमडीसी को दिए जाने पर सवाल उठाते हुए देश का सबसे बड़ा स्कैंडल करार दिया। कहा कि जेएसएमडीसी की आड़ में दक्षिण भारत की एक कंपनी को विशेष लाभ पहुंचाने का हेमंत सरकार प्रयास कर रही है। पश्चिम सिंहभूम के सोनुवा नरसंहार की घटना में मारे गए लोगों के स्वजनों को राज्य सरकार की ओर से कोई लाभ आज तक नहीं दिया गया है। भाजपा सनातन व्यवस्था के अनुरूप काम करती है। यह सरकार आदिवासी विरोधी सरकार है। केंद्र से आया 200 करोड़ रुपये को राज्य सरकार ने बंदरबांट करने का काम किया है। राज्य सरकार अपनी पीठ अपने थपथपा रही है। वर्तमान सरकार ने शाह ब्रदर्स को 5 लाख 70 हजार टन आयरन ओर बेचने की अनुमति दी है। जबकि वर्तमान में 5 लाख 70 हजार टन माल माइंस में है ही नहीं। यह पूरी तरह से अवैध माइनिग को बढ़ावा देने का काम राज्य सरकार कर रही है। स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों का कार्यकाल लगभग खत्म हो चुका है, लेकिन अभी तक निकाय चुनाव को लेकर सरकार की ओर से कोई एजेंडा नहीं तैयार किया गया है। यह सरकार स्थानीय निकाय चुनाव कराना ही नहीं चाहती है, लेकिन जनता चुप नहीं बैठेगी। मौके पर जिलाध्यक्ष विपिन पुरती, पूर्व विधायक पुत्कर हेंब्रम व जेबी तुबिद उपस्थित थे।