भारतीय जन मोर्चा के पदाधिकारियों ने एडीआरएम को सौंपा मांग पत्र
भारतीय जन मोर्चा जमशेदपुर महानगर के संयोजक रामनारायण शर्मा के नेतृत्व में चार सदस्यी प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम के नाम एक मांग पत्र एडीआरएम बीके सिन्हा को सौंपकर बैठक की।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर : भारतीय जन मोर्चा जमशेदपुर महानगर के संयोजक रामनारायण शर्मा के नेतृत्व में चार सदस्यी प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम के नाम एक मांग पत्र एडीआरएम बीके सिन्हा को सौंपकर बैठक की। इस दौरान भारतीय जन मोर्चा के संयोजक राम नारायण शर्मा ने कहा कि टाटानगर रेलवे स्टेशन से टीनप्लेट तथा एग्रिको तक रेलवे लाइन के किनारे विगत 35 वर्ष से भी अधिक समय से कुछ बस्तियां बसी हैं। इन बस्तियों में लोगों ने अपने जीवनभर की मेहनत से कमाए हुए पैसे से अपना घर बना लिया है। इन घरों में राज्य सरकार तथा टाटा स्टील के द्वारा बिजली-पानी सहित कई तरह की जनसुविधाएं उपलब्ध हैं। परंतु इधर कुछ दिनों से रेलवे के पदाधिकारियों द्वारा इन बस्तियों का सर्वे कराया जा रहा है, जिससे वहां भय का माहौल है। इस संदर्भ में टाटानगर रेलवे के क्षेत्रीय प्रबंधक से भी भारतीय जन मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल मिला था परंतु वहां से भी पूर्ण जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। इसलिए भारतीय जन मोर्चा रेल प्रशासन से जानकारी की मांग करती है कि उपर्युक्त जमीन रेलवे की है या टाटा कंपनी की लीज की है। अगर यह जमीन रेलवे की है तो यह रेलवे को किसके द्वारा हस्तांतरित किया गया है और कब किया गया। कृपया इसकी प्रति रेल प्रशासन उपलब्ध कराये। उपर्युक्त रेल लाइन का निर्माण किस उद्देश्य से किया गया था तथा विगत 30 वर्षो से अधिक समय से उक्त रेल लाइन का उपयोग क्यों नहीं किया गया। रेल लाइन को लेकर रेलवे एवं टाटा स्टील के बीच क्या समझौता हुआ है इसकी भी जानकारी रेल प्रशासन दे। साथ ही रेल लाइन के विस्तार को लेकर जो एग्रिको से सीआरएम बारा तक होना है इस संदर्भ में टाटा स्टील के साथ क्या समझौता हुआ है। इसकी प्रति भी रेल प्रशासन उपलब्ध कराये। भारतीय जन मोर्चा रेल प्रशासन से आग्रह करता है कि किसी भी बस्ती को उजाड़ने से पहले उन्हें बसाने की व्यवस्था करें । इन बस्तियों में 30 वर्षों से अधिक समय से लोग रह रहे हैं इस वजह से उक्त जमीन पर बस्ती वासियों को कानूनी अधिकार मिलना चाहिए । अगर रेल प्रशासन जबरदस्ती बस्ती उजाड़ने का कार्य करता है तो भारतीय जन मोर्चा रेल प्रशासन का विरोध कर धरना प्रदर्शन करेगा किसी भी हालत में बस्तियों को उजड़ने नहीं दिया जाएगा। मौके पर भारतीय जन मोर्चा के कोल्हान प्रभारी संजीव आचार्य, जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम संयोजक अजय सिन्हा, जन मोर्चा के वरिष्ठ नेता पुनीत कुमार श्रीवास्तव मौजूद थे।