दीवार के मलबे में दबकर अधेड़ की मौत
मझगांव थाना अन्तर्गत कंटाबिला में एक घर की दीवार अचानक गिरने और उसके मलबे में दबने की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
संवाद सूत्र, मझगांव : मझगांव थाना अन्तर्गत कंटाबिला में एक घर की दीवार अचानक गिरने और उसके मलबे में दबने की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना गुरुवार सुबह 11 बजे की है। मृतक का नाम बड़कुंवर सिकू है। लॉकडाउन की वजह से परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दिये बिना और पोस्टमार्टम कराए बगैर शव को गांव में ही दफना दिया। बड़कुंवर अविवाहित था। बताया जा रहा है कि 55 साल का बड़कुंवर सिकू गुरुवार की सुबह अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। तभी अचानक घर के आगे की दीवार अचानक धराशायी हो गई। बड़कुंवर इसके मलबे के नीचे दब गया। यह देख वहां अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने गांव वालों की मदद से किसी तरह मलबा हटाकर बड़कुंवर को बाहर निकाला मगर तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के छोटे भाई गोवर्धन सिकू ने बताया कि कोरोना वायरस की महामारी के कारण देश में लॉकडाउन की स्थिति है। घर से बाहर निकलना मुश्किल है। ऐसी परिस्थिति में स्थानीय थाना को हम लोगों ने जानकारी नहीं दी। गांव में ही ग्रामीण मुंडा की अगुवाई में विशेष बैठक कर सर्वसहमति से निर्णय लिया कि पोस्टमार्टम करना उचित नहीं है। शव को गांव में ही दफना दिया जाए। इसके बाद आदिवासी रीति-रिवाज का पालन करते हुए शव को दफना दिया गया है।