नोवामुंडी माइंस मजदूर यूनियन चुनाव में 33 प्रत्याशी आजमाएंगे किस्मत, बंटे चुनाव चिह्न
टाटा स्टील संबद्ध नोवामुंडी माइंस मजदूर यूनियन चुनाव की प्रकिया शुरू हो गई है। शनिवार को जेआरडी टाटा सभागार में नामांकन व चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया हुई है।
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : टाटा स्टील संबद्ध नोवामुंडी माइंस मजदूर यूनियन चुनाव की प्रकिया शुरू हो गई है। शनिवार को जेआरडी टाटा सभागार में नामांकन व चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया हुई है। चुनाव पदाधिकारी शंभु शरण प्रसाद सिंह, महेश प्रसाद, मोहन कुमार और रवि कुमार निषाद ने आठ पदों के लिए नामांकन पत्र भरे 33 प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया है। इस बार चुनाव में चार गुट व एक निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। संजय कुमार दास गुट को चुनाव चिन्ह उगता सूरज छाप, जीटी रेड्डी गुट को चुनाव चिन्ह मछली छाप, शैलेश कुमार सिंह गुट को चुनाव चिन्ह शंख और समीर खान गुट को चुनाव चिन्ह त्रिशूल छाप और निर्दलीय महासचिव पद से चुनाव लड़ रहे राज ऋषि राय को चुनाव चिन्ह सिलिंग फैन मिला है। चुनाव मैदान में किस्मत आजमाने के लिए चुनाव मैदान में उतरे 33 प्रत्याशियों को 922 कर्मचारी सदस्य वोट देंगे। यूनियन चुनाव में जुलूस नहीं निकाले जाएंगे
चुनाव पदाधिकारी शंभु शरण प्रसाद सिंह ने बताया कि इस बार कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए चुनाव प्रचार के लिए जुलूस निकालने की अनुमति नहीं है। बैनर के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध रहेगा। चुनाव प्रचार में केवल दस लोगों का समूह रहेगा। प्रचार-प्रसार के लिए रात्रि आठ बजे तक समय निर्धारित रहेगा। मतदान केंद्र में चार बैलेट बाक्स रखने के लिए स्थान सुरक्षित रहेगा। इस बार वोटिग के समय सभी 33 प्रत्याशियों को एक ही जगह विश्राम के लिए स्थान सुरक्षित कर दिया जाएगा। उन्हें मुख्य गेट के बाहर वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए बाहर जाने की अनुमति नहीं रहेगी। मतदान केंद्र में प्रत्याशियों के एजेंट मौजूद रहेंगे।