लॉकडाउन में फंसे कर्नाटक में 22 प्रवासी मजदूर
कर्नाटक के उत्तर कन्नडा जिला के मकदूल कॉलोनी के भटकल नगर में मनोहरपुर आनंदपुर गोईलकेरा प्रखंड समेत अन्य जगहों के 22 मजदूर दो अलग-अलग स्थानों में कोरोना संक्रमण से जारी लॉकडाउन में फंसे हुए हैं।
संवाद सूत्र, मनोहरपुर : कर्नाटक के उत्तर कन्नडा जिला के मकदूल कॉलोनी के भटकल नगर में मनोहरपुर, आनंदपुर, गोईलकेरा प्रखंड समेत अन्य जगहों के 22 मजदूर दो अलग-अलग स्थानों में कोरोना संक्रमण से जारी लॉकडाउन में फंसे हुए हैं। इनमें से कई लोग बिल्डिंग के काम में जोड़ाई, प्लास्टर, सेंटरिग, ढलाई समेत अन्य जगहों पर काम करते हैं। लेकिन अब इनके ठेकेदार ने भी इन लोगों की मदद करने से मुंह मोड़ लिया है। दूरभाष में जानकारी देते हुए मजदूरों ने बताया कि अब इन लोगों के पास खाने-पीने के लिए खाद्य सामग्री भी नहीं है। और न ही कुछ खरीदने के लिए हाथ में पैसे बचे हैं। और ना ही इन्हें किसी तरह की सरकारी मदद मिल रही है। इन लोगों ने भी झारखंड सरकार से मदद की गुहार लगाई है। इनमें से मनोहरपुर के राइडीह गांव निवासी अर्जुन कोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि उन लोगों ने घर वापसी के लिए ऑनलाइन आवेदन देकर रेजिस्ट्रेशन भी करा लिया है। इसके बावजूद भी इन्हें कोई सहायता नहीं मिल रही है। दिन प्रतिदिन इनकी आर्थिक स्थिति दयनीय होती जा रही है। सरकार ने उन्हें जल्द मदद करने की बात कही।