पश्चिमी सिंहभूम जिला में 60 शराब दुकानों में 180 युवकों को मिली नियुक्ति
कुशल को 13 हजार 500 व अर्द्धकुशल को 10 हजार रुपये प्रति माह दिया जायेगा।
पश्चिमी सिंहभूम जिला में 60 शराब दुकानों में 180 युवकों को मिली नियुक्ति
जागरण संवाददाता, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के 60 खुदरा उत्पाद दुकानों के लिए 180 लड़कों का चयन किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा खुदरा उत्पाद दुकानों में कार्य करने के लिए लड़कों का चयन प्रक्रिया के तहत किया गया है। इसमें जिला नियोजनालय से बेरोजगार लगभग 1500 लोगों की सूची लेकर फोन से संपर्क किया गया। इसमें से 700 लड़कों से मोबाइल से बात हुई। इसमें 400 लड़कों को शार्ट लिस्ट किया गया। इसकी सूची सरकार द्वारा नियुक्त एजेंसी को दी गई। एजेंसी द्वारा उसमें से 60 खुदरा उत्पाद दुकानों के लिए 180 लड़कों का चयन किया गया है। नियुक्त लड़के एक दुकान में तीन रहेंगे। वर्तमान समय में सभी लड़के दुकानों में कार्य कर रहे हैं। नियुक्त लड़कों को सरकार द्वारा तय कुशल और अर्द्धकुशल के हिसाब से मानदेय दिया जायेगा। इसमें कुशल को 13 हजार 500 व अर्द्धकुशल को 10 हजार रुपये प्रति माह दिया जायेगा। अधीक्षक ने कहा कि एजेंसी द्वारा पहले लड़कों से सिक्युरीटी के रूप में 20 से 25 हजार रुपये लेने की बात हुई थी, जिसे एजेंसी द्वारा लिखित रूप में देने की बात भी मान ली गई थी। लड़के उस पैसों को डीडी के जरीये एजेंसी को देने वाले थे। लेकिन बाद में पता चला कि कोई सिक्युरीटी का पैसा नहीं लेना है।