158 किसानों ने लैंपस में दिया 5389.33 क्विंटल धान, अब तक नहीं मिला दाम
बंदगांव प्रखंड के कराईकेला लैंपस में 158 किसानों ने 5389.33 कुंतल धान फरवरी महीने में दिया। लेकिन अभीतक किसानों को धान की कीमत नहीं मिली जिससे किसान चितित हैं।
संवाद सूत्र, बंदगांव : बंदगांव प्रखंड के कराईकेला लैंपस में 158 किसानों ने 5389.33 कुंतल धान फरवरी महीने में दिया। लेकिन अभीतक किसानों को धान की कीमत नहीं मिली, जिससे किसान चितित हैं। किसानों ने बताया कि चार महीने हो गए कराईकेला लैंपस में धान दिए हुए। लेकिन अबतक कुछेक ही किसानों को रकम मिली है। ज्यादातर किसानों को रकम नहीं मिल सकी है। लैंपस के दिनेश प्रसाद ने बताया कि घाटशिला मील में 974.64 कुंतल धान एवं चालियामा मील में 4366.66 कुंतल धान पांच ट्रक से भेजा गया है। 79 किसानों का 2927.56 कुंतल धान का 58 लाख 54 हजार 720 रुपये का बिल 21 मार्च को जमा किया गया है, जिसका भुगतान अब तक नहीं हुआ है। मौजूद किसान जमुना देवी ने 50 क्विंटल, संजय बोदरा ने 28 क्विंटल, राजू महतो ने 50 क्विंटल, बुद्धेश्वर महतो ने 40 क्विंटल, जयंत गागराई ने 45 क्विंटल, बीना गुप्ता ने 33 क्विंटल, कामाख्या प्रधान ने 50 क्विंटल, शिवनारायण महतो ने 50 क्विंटल, धान देने और किसानों ने इसके एवज में रकम का भुगतान नहीं होने की बात कही।