ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दे सरकार : अमरजीत
भारतीय जनता पार्टी के जिला ओबीसी मोर्चा की कार्यसमिति की बैठक संपन्न हुई। बै
जासं,सिमडेगा:भारतीय जनता पार्टी के जिला ओबीसी मोर्चा की कार्यसमिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष महेश साहू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा की ओबीसी मोर्चा का स्थान भारतीय जनता पार्टी में महत्वपूर्ण है।जिले में भी ओबीसी मोर्चा को सशक्त बना कर भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करना ही उद्देश्य है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ओबीसी समाज के नेतृत्व में चल रहा है।आने वाले दिनों में झारखंड में भी ओबीसी मोर्चा के सहयोग से भाजपा की सरकार बनेगी।वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि सूबे
की सरकार अपने घोषणापत्र के अनुरूप अविलंब राज्य में ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण बहाल करें। झारखंड सरकार अपने घोषणापत्र के एक भी वायदे को पूरा नहीं कर रही है।समय आने पर जनता इसका जवाब जरूर देगी। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत यादव ने कहा तत्कालीन रघुवर सरकार में पिछड़ों का जनगणना का कार्य शुरू हुआ था। हेमंत सरकार आने के बाद जनगणना कार्य बंद करा दिया गया।झारखंड सरकार अविलंब पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण दे। वर्तमान झारखंड सरकार के गठन के बाद सरकार वादाखिलाफी पर उतर आई है।युवाओं को प्रतिवर्ष 500000 रोजगार, रोजगार नहीं मिलने पर भत्ता देने की बात कही थी पर 2 साल होने को है।आज तक ना युवाओं को रोजगार मिला और ना ही बेरोजगारी भत्ता। प्रदेश लीगल सेल के संयोजक सुरेश प्रसाद, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय ठाकुर व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री घनश्याम केसरी एवं धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री सुभाष साहू ने किया । इस मौके पर दीपक पूरी, अनूप प्रसाद, उपाध्यक्ष भोला साहू, सतीश पांडेय,रामविलास बड़ाईक,सावित्री देवी,फुल सुंदरी देवी, पिकी प्रसाद,कृष्णा ठाकुर,रवि गुप्ता,अशोक रजक,श्रीलाल साह,द्वारिका जायसवाल,श्रवण साय, मनोज कुमार, गणेश यादव, भरोशा महतो, दिलीप कुमार साहू सहित सैंकड़ो कार्यकर्ता मौजूद थे।