दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में घायल हुए तीन लोग
रविवार को दो अलग अलग सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए। पहली दुर्घटना गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित टीजीएस गेट के समीप हुई।

संसू, गम्हरिया : रविवार को दो अलग अलग सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए। पहली दुर्घटना गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित टीजीएस गेट के समीप हुई। इस दुर्घटना में वाहन की ठोकर से आइओसी के कैंटीन कर्मी तापस साहु गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गया। वे गम्हरिया बाजार से सब्जी की खरीदारी कर ऊपरबेड़ा स्थित अपने घर जा रहे थे। वहीं, दूसरी दुर्घटना सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर कोलाबीरा ओपी से कुछ दूरी पर हुई। इस घटना में हाइवा की ठोकर से बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। इस दुर्घटना में महुलडीहा गांव निवासी संजीत कुमार पाल व उनके भाई रतन कुमार पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। नंदुटांड़ गांव में जमीन विवाद में चार लोग घायल : नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदुटांड में जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष के बीच हुई भिडंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया गया है। घायलों में नंदुटांड़ निवासी जगदीश महतो, विष्णु पद महतो, पोटू उर्फ पांडा महतो, विराज महतो शामिल हैं। विष्णु पद महतो ने बताया कि वे पीएम आवास का निर्माण करा रहे थे। इस दौरान पोटू उर्फ पांडा महतो ने अपने सहयोगी समेत उनके साथ मारपीट की। जबकि दूसरे पक्ष ने कहा कि जमीन के हिस्से को लेकर विवाद हुआ था। नीमडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डा. अरिफा खुर्शीद ने घायलों का उपचार किया। इस घटना की सूचना मिलने पर नीमडीह थाना के आरबी यादव भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से इस घटना की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक नीमडीह थाना में मारपीट से संबंधित कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया। नीमडीह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि दोनों पक्ष की ओर से इस मामले को लेकर अब तक लिखित शिकायत नहीं की गई है।
Edited By Jagran