सरायकेला बस व मैक्सी-टैक्सी स्टैंड की बंदोबस्ती रद
सरायकेला बस एवं मैक्सी-टैक्सी स्टैंड की अविनाश महांती को वर्ष 2019-20 के लिए दी गई बंदोबस्ती रद कर दी गई।
जासं, सरायकेला : सरायकेला बस एवं मैक्सी-टैक्सी स्टैंड की अविनाश महांती को वर्ष 2019-20 के लिए दी गई बंदोबस्ती रद कर दी गई। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा पत्र निर्गत कर बताया गया कि सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत बंदोबस्ती में अविनाश महांती के साथ एकरारनामा किया गया था। परंतु उन्होंने इसका उल्लंघन करते हुए मनमानी तरीके से अवैध वसूली की। इस संबंध में उन्हें 30 अक्टूबर को पत्र प्राप्ति के दो दिनों के अंदर नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था। परंतु उन्होंने स्पष्टीकरण समर्पित नहीं किया। अत: इस संबंध में स्टैंड की बंदोबस्ती तत्काल प्रभाव से निरस्त किया गया। इसके उपरांत अगर उनके द्वारा किसी प्रकार की वसूली की जाती है तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।