पुलिस मोटरसाइकिल मिली पर इंसान नहीं, सुबह मिला शव, बच सकती थी जान
हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच 220 पर बागराइसाई तीखे मोड़ के समीप बुधवार की देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दुर्घटना में मृत युवक मुनीराम टुडू (33) गम्हरिया थाना क्षेत्र के बड़ा जामजोड़ा निवासी थे।
जासं, सरायकेला : हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच 220 पर बागराइसाई तीखे मोड़ के समीप बुधवार की देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दुर्घटना में मृत युवक मुनीराम टुडू (33) गम्हरिया थाना क्षेत्र के बड़ा जामजोड़ा निवासी थे। युवक का परिवार जमशेदपुर के बर्मामाइंस में रहता है। बुधवार रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि उक्त जगह एक बाइक दुर्घटना ग्रस्त होकर पड़ी है। सूचना के बाद पुलिस पहुंची और बाइक बरामद की। लेकिन कोई नजर नहीं आया। इसके बाद पुलिस बाइक लेकर आ गई। पुलिस ने फिर गोविंदपुर पीएचसी एवं राजनगर सीएचसी में भी खोजखबर ली। लेकिन पता नहीं चला। जबकि घायल युवक सड़क के नीचे गड्ढे में झाड़ियों में बेहोश पड़ा रहा। जिस पर पुलिस की नजर नहीं पड़ी। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना किसी अज्ञात वाहन के साथ हुई या फिर बाइक स्किट कर खुद ही गिर गया। इसका पता नहीं लग पाया है। इधर गुरुवार सुबह को ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे गड्ढे में झाड़ियों के बीच युवक की लाश पर पड़ी। पुलिस सुबह मौके पर पहुंच कर घायल युवक को अस्पताल लेकर आई। लेकिन युवक की जान जा चुकी थी। डाक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। रात भर घायलावस्था में ठंड में पड़े रहने के कारण युवक की मौत हो गई।
------------
जमशेदपुर से चाईबासा के लिए निकला था मुनीराम
युवक मुनीराम टुडू अपने फुआ के यहां जमशेदपुर के बर्मामाइंस में रहता था। तीन साल पहले मुनीराम टुडू का टिस्को में नौकरी लगा था। बर्मामाइंस में ही रहकर वह टिस्को में नौकरी करता था। मुनीराम अविवाहित था। इसी साल उसकी शादी भी होनी थी। जिसके लिए परिजन लड़की खोज रहे थे। परिजनों ने बताया कि वह बुधवार सुबह को लगभग ग्यारह बजे घर से चाईबासा जाने की बात कह कर बाइक से निकला था। लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। सुबह घटना की जानकारी मिली।