प्रतिबंधित मांस के साथ एक को दबोचा, भेजा जेल
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के केंदमुंडी गांव के बागेडीह टोला में शनिवार देर रात प्रतिबंधित मांस के साथ पुलिस ने एक को दबोच लिया है। मौके से चार अन्य फरार हो गए।
राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के केंदमुंडी गांव के बागेडीह टोला में शनिवार देर रात प्रतिबंधित मांस के साथ पुलिस ने एक को दबोच लिया है। मौके से चार अन्य फरार हो गए। पुलिस ने सालबनी गांव के आरोपित छोटराय किस्कू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग केन्दमुंडी में पंचायत भवन के पीछे बागेडीह टोला के एक खेत में गाय का मांस काट रहे हैं। इसी आधार पर शनिवार देर रात को सहायक अवर निरीक्षक बीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस फोर्स को घटना स्थल भेजा। यहां पांच लोग गौ मांस काट रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही चार लोग मौके से फरार हो गए। जबकि सालबनी गांव का छोटराय किस्कू मौके से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि वे लोग गम्हरिया के बसकोडीह से गाय को लेकर आए थे। पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित मांस जब्त किया।