'यास' के प्रवेश की संभावना आज, जिले में अलर्ट जारी
उत्तर अंडमान सागर व बंगाल की मध्य पूर्वी खाड़ी से चक्रवाती तूफान यास के आगमन व संभावित आपदा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो चुका है। इस आपदा से निपटने के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। यास के जिले में प्रवेश की संभावना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : उत्तर अंडमान सागर व बंगाल की मध्य पूर्वी खाड़ी से चक्रवाती तूफान यास के आगमन व संभावित आपदा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो चुका है। इस आपदा से निपटने के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। 'यास' के जिले में प्रवेश की संभावना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। उपायुक्त अरवा राजकमल ने प्रशासनिक पदाधिकारियों को एहतियात बरतने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर अंडमान सागर और बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी से चक्रवात तूफान 'यास' ओडिशा होते हुए झारखंड में मंगलवार को प्रवेश करने की संभावना है। आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पर्षद कपाली, नगर पंचायत सरायकेला को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में एहतियात बरतने के लिए प्रचार-प्रसार करें। साथ ही क्षेत्र में जो लोग कच्चे मकान व बिना मकान के रहते हैं, उन्हें सरकारी भवन, विद्यालय या किसी सुरक्षित आश्रय स्थलों में ठहराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार का नुकसान होने पर तत्काल सीओ इसकी जानकारी देंगे, ताकि जल्द से जल्द राहत कार्य चलाया जा सके। 50 फीसदी अनुदान पर धान का बीज वितरण शुरु : सोमवार को खरसावां के बुरुडीह लैंपस में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से धान के नये फसल की खेती के लिये अनुदानित मूल्य पर बीज वितरण शुरु कर दिया गया है। विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप, बीसीओ शंकर शाह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी परशुराम महतो, बीटीएम नीरज कुमार, अजय सामड़, रांदो दिग्गी, बुरुडीह लैंपस के अध्यक्ष ने किसानों में बीज का वितरण किया। इस संबंध में आत्मा के खरसावां प्रखंड तकनीकी प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि धान की फसल के लिये प्रभेद एमटीयू 7029 तथा आईआर 64 के बीज का वितरण 50 फिसदी अनुदान पर किया जा रहा है।
कृषि एवं सहकारिता विभाग की ओर से कुचाई लैंपस में भी सोमवार से किसानों के बीच किसानों के धान के बीज का वितरण किया गया। मरांगहातु मुखिया वर्षारानी बांकिरा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी दीपक रंजन महतो, बीटीएम राजेश कुमार, लुरुराम सोय, बीसीओ शंकर साव, लैंपस अध्यक्ष आदि ने किसानों में धान के बीज का वितरण किया। बताया गया कि कृषि एवं सहकारिता विभाग की ओर से 50 फिसदी अनुदान पर किसानों में धान के बीज का वितरण किया जा रहा है।