गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्र पर पारा चिकित्साकर्मियों का प्रदर्शन
संसू गम्हरिया मांगों के समर्थन में जिले के अनुबंध पारा चिकित्साकर्मी मंगलवार से हड़ताल पर
संसू, गम्हरिया : मांगों के समर्थन में जिले के अनुबंध पारा चिकित्साकर्मी मंगलवार से हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के पहले दिन उन्होंने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए गम्हरिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समक्ष प्रदर्शन किया। हड़ताली चिकित्साकर्मियों का नेतृत्व करते हुए संघ के अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि मांगों को लेकर झारखंड अनुबंधित पारा चिकित्साकर्मी संघ की प्रदेश इकाई ने पूर्व में राज्य के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री समेत सभी विभागीय अधिकारियों को कई बार ज्ञापन देकर इसपर सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेने का आग्रह किया गया था। लेकिन, अबतक कोई निर्णय नहीं लिया गया। फलस्वरूप बाध्य होकर अनुबंध पारा चिकित्साकर्मियों ने आरपार की लड़ाई लड़ते हुए हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। संघ की ओर से राज्य के स्वास्थ्य सचिव, उपयुक्त, एसपी आदि को भी पूर्व सूचना दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि हड़ताल के दूसरे दिन बुधवार को जिला मुख्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर रूबी कुमारी, रेणुका महतो, विश्वजीत महतो, गोपीनाथ यादव, ममता कुमारी, अंजू कुमारी, विवेचना महतो, शीला मार्डी समेत कई अनुबन्ध पारा स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।