कुचाई सीएचसी में लगेगा ऑक्सीजन प्लांट, इंटरनेट से जुडे़गा हर गांव : अर्जुन मुंडा
भाजपा के दिवंगत नेता लांडू सोय की पुण्यतिथि पर कुचाई प्रखंड के मरांगहातु गांव में समाधि स्थल पर केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद अर्जुन मुंडा समेत पार्टी नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिवंगत लांडू सोय पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा के श्रोत बने रहेंगे..
संवाद सूत, खरसावां : भाजपा के दिवंगत नेता लांडू सोय की पुण्यतिथि पर कुचाई प्रखंड के मरांगहातु गांव में समाधि स्थल पर केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद अर्जुन मुंडा समेत पार्टी नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिवंगत लांडू सोय पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा के श्रोत बने रहेंगे। उन्होंने हमेशा सामाजिक कार्यों में रुचि लिया। उन्हें हमेशा क्षेत्र के विकास की चिंता रहती थी। उनके सपनों को साकार करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जनजातीय बहुल गांवों के विकास के लिए केंद्र सरकार जल्द ही आदर्श ग्राम योजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत पांच व दस वर्षीय योजना बना कर कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुचाई में 38 लाख की लागत से एकलव्य विद्यालय की स्थापना की जाएगी। केंद्र सरकार हर वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है। केंद्र सरकार सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर कार्य कर रही है। कहा, वर्तमान समय में कोरोना का संक्रमण कम हुआ है, परंतु यह पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ। अब भी सचेत हो कर कार्य करने की आवश्यकता है। कोरोना संक्रमितों के इलाज से लेकर वैक्सीनेशन तक में कुचाई सीएचसी के प्रभारी डा. शिवचरण हांसदा ने उत्कृष्ट कार्य किया है। प्रयास होगा कि कुचाई में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना की जाए। उन्होंने कहा कि देश के हर गांव को इंटरनेट से जोड़ा जाएगा। इसको लेकर केंद्र सरकार कार्य कर रही है। पिछले दिनों बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया है। वर्तमान में इंटरनेट मुलभूत आवश्यकताओं में से एक है। कहा, कुचाई में 38 करोड़ की लागत से एकलव्य आवासीय विद्यालय खोला जाएगा। खरसावां का हल्दी देश-विदेश के बाजारों में पहुंचेगा। हल्दी की खेती से लेकर पाउडर बनाने व पैकेजिंग करने वालों को ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। तसर की खेती को भी बढ़ावा दिया जाएगा। तसर की खेती में आमदनी होने के साथ-साथ पर्यावरण को भी संरक्षण मिलेगा। मौके पर पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, जिलाध्यक्ष विजय महतो, राजा गोपाल सिंहदेव, उदय सिंहदेव, रामनाथ महतो, गणेश माहली, लखीराम मुंडा, सत्येंद्र कुम्हार, डमू गोप, संगल सिजुई, प्रदीप सिंहदेव, मंगल सिंह मुंडा, दीपक माझी, बबलू सोय, सुधीर मंडल, लाबूराम सोय, राजाराम महतो आदि उपस्थित थे।